कोटा (राजस्थान) = कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में प्रसूताओं की मौत का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। ताजा मामले में बारां जिले के मेहरमाचांद गांव निवासी पुष्पा बैरवा की सोमवार देर रात उपचार के दौरान मौत हो गई। पुष्पा को गंभीर हालत में झालावाड़ अस्पताल से कोटा रेफर किया गया था। इस घटना के बाद एक बार फिर प्रसूता उपचार व्यवस्था और अस्पतालों की चिकित्सा सुविधाओं पर सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार पुष्पा बैरवा ने 27 अक्टूबर को झालावाड़ अस्पताल में सामान्य प्रसव के जरिए बच्ची को जन्म दिया था। प्रसव के करीब एक घंटे बाद ही उसे अत्यधिक रक्तस्राव (ब्लीडिंग) शुरू हो गया। हालत लगातार बिगड़ने पर चिकित्सकों ने उसे कोटा मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया।
कोटा पहुंचने पर पुष्पा की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे वेंटिलेटर पर रखा गया। किडनी प्रभावित होने के कारण डायलिसिस भी किया गया। चिकित्सकों के अनुसार उपचार के दौरान किडनी की स्थिति में सुधार हुआ और यूरिन भी शुरू हो गया, लेकिन फेफड़ों ने काम करना बंद कर दिया। चिकित्सकों की तमाम कोशिशों के बावजूद पुष्पा की जान नहीं बचाई जा सकी।
पहले भी सामने आ चुके हैं ऐसे मामले
गौरतलब है कि अक्टूबर माह में कोटा में प्रसूताओं की मौत के कई मामले सामने आ चुके हैं। वहीं, मई माह में सीजेरियन प्रसव के बाद 12 प्रसूताओं की किडनी प्रभावित होने का मामला सामने आया था, जिनमें से पांच महिलाओं की मौत हो गई थी।
पुष्पा बैरवा की मौत ने एक बार फिर प्रसूता उपचार व्यवस्था, समय पर रेफरल, गंभीर मरीजों की निगरानी और अस्पतालों में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब जरूरत है कि ऐसे मामलों की गहन समीक्षा हो और प्रसूताओं को समय पर बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।
कोटा मेडिकल कॉलेज में एक और प्रसूता की मौत, चिकित्सा व्यवस्था पर फिर उठे सवाल
Leave a comment
Leave a comment


