कोटा = शिक्षा नगरी कोटा के एक हॉस्टल में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब छात्रों के पास अचानक एक भारी-भरकम अलमारी गिर पड़ी। गनीमत रही कि अलमारी की चपेट में कोई छात्र नहीं आया और सभी बाल-बाल बच गए। इस घटना से बड़ा हादसा टल गया।
हॉस्टल में हुई यह घटना वहां लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई। घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि छात्र अलमारी के पास मौजूद हैं और अचानक भारी अलमारी उनके नजदीक गिर जाती है। अलमारी गिरते ही वहां मौजूद छात्रों में हड़कंप मच जाता है।
इस घटना ने कोटा के हॉस्टलों में विद्यार्थियों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। गौरतलब है कि कोटा में देशभर से हजारों विद्यार्थी अपने भविष्य को संवारने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने आते हैं। ऐसे में हॉस्टल संचालकों की जिम्मेदारी है कि कमरों में रखे फर्नीचर, अलमारियों और अन्य सामान की मजबूती की नियमित जांच करवाई जाए, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षा से कोई खिलवाड़ न हो।



