कोटा = शहर के एरोड्राम क्षेत्र स्थित आकाश मॉल के गोल्ड सिनेमा में मंगलवार दोपहर उस समय हंगामा मच गया, जब सिनेमा हॉल के एंट्री गेट पर सामान अंदर ले जाने से रोकने को लेकर कुछ युवकों और सिक्योरिटी इंचार्ज के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि मामला मारपीट तक पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार, सिनेमा हॉल के सिक्योरिटी इंचार्ज कुलदीप लोधा ने कुछ युवकों को सामान अंदर ले जाने से रोका था। इसी बात को लेकर युवकों और उनके बीच कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि युवकों ने सिक्योरिटी इंचार्ज को जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों से जमकर मारपीट की। हमले में कुलदीप लोधा की आंख में गंभीर चोट आई।
घटना के बाद घायल सिक्योरिटी इंचार्ज को उपचार के लिए एमबीएस अस्पताल ले जाया गया। वहां से उन्हें बेहतर उपचार के लिए निजी आई हॉस्पिटल भेजा गया।
घटना की सूचना मिलने पर गुमानपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई करते हुए निखिल नाम के एक युवक को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कोटा के गोल्ड सिनेमा में जमकर मारपीट, सिक्योरिटी इंचार्ज को जमीन पर पटककर पीटा
Leave a comment
Leave a comment


