रिपोर्टर: जेठानंद कारयानी, हनुमानगढ़
हनुमानगढ़। छठ पूजा सहित आगामी त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ती यात्री भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे के बीकानेर मंडल ने यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इसी के तहत बीकानेर मंडल के अपर मंडल रेल प्रबंधक (ADRM) राजेन्द्र सिंह चौधरी ने ट्रेनों के जनरल कोच में पहुंचकर यात्रियों से सीधा संवाद किया और रेलवे की व्यवस्थाओं का फीडबैक लिया।
निरीक्षण के दौरान ADRM राजेन्द्र सिंह चौधरी ने गाड़ी संख्या 12260 दुरंतो एक्सप्रेस (बीकानेर–सियालदह) एवं गाड़ी संख्या 15910 अवध असम एक्सप्रेस (लालगढ़–डिब्रूगढ़) का जायजा लिया। उन्होंने विशेष रूप से जनरल कोच में यात्रियों के बीच पहुंचकर यात्रा के अनुभव, उपलब्ध सुविधाओं, भीड़ प्रबंधन और सफर के दौरान आने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी ली।
इस दौरान उन्होंने यात्रियों से रेलवे की व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी मांगे। यात्रियों ने वरिष्ठ रेल अधिकारी की इस पहल की सराहना करते हुए उपलब्ध सुविधाओं पर संतोष जताया।
ADRM ने रेलवे स्क्वॉड एवं रेलवे सुरक्षा बल (RPF) के जवानों के साथ सुरक्षा व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने त्योहारों के दौरान ट्रेनों में भीड़ नियंत्रण, संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आपसी समन्वय से कार्य करने, यात्रियों की शिकायतों का त्वरित समाधान करने तथा ट्रेनों एवं रेलवे स्टेशनों पर उपलब्ध सुविधाओं की नियमित निगरानी रखने के निर्देश दिए।
रेलवे प्रशासन का उद्देश्य त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुरक्षित, सुगम एवं आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराना है। इसके लिए बीकानेर मंडल द्वारा ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं एवं सुरक्षा व्यवस्था को लगातार बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
बीकानेर मंडल के ADRM राजेन्द्र सिंह चौधरी पहुंचे जनरल कोच में, यात्रियों से जाना सुविधाओं और समस्याओं का हाल
Leave a comment
Leave a comment


