रिपोर्टर: जेठानंद कारयानी, हनुमानगढ़
हनुमानगढ़ जंक्शन। लोक आस्था और सूर्य उपासना के महापर्व छठ पूजा को लेकर हनुमानगढ़ जंक्शन में तैयारियां शुरू हो गई हैं। श्री छठ पूजा समिति, हनुमानगढ़ की ओर से इस वर्ष चार दिवसीय छठ महापर्व का आयोजन 13 से 16 नवंबर तक श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ किया जाएगा। आयोजन के दौरान विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों के साथ छठ पूजा की पारंपरिक रीति-रिवाजों का निर्वहन किया जाएगा।
समिति की ओर से जारी कार्यक्रम के अनुसार आयोजन स्थल चुंगी नंबर 8, वार्ड नंबर 8, सूरतगढ़ रोड, हनुमानगढ़ जंक्शन रहेगा। वहीं छठ महापर्व के उपलक्ष्य में 11 नवंबर को भाई दूज के अवसर पर दोपहर 2 बजे विशाल दंगल का आयोजन किया जाएगा। इसमें विभिन्न क्षेत्रों से आने वाले पहलवान अपनी कुश्ती कला और दमखम का प्रदर्शन करेंगे।
चार दिवसीय आयोजन के तहत 13 नवंबर, शुक्रवार को प्रथम दिन नहाय-खाय की परंपरा निभाई जाएगी। 14 नवंबर, शनिवार को दूसरे दिन खरना (लोहंडा) का आयोजन होगा। इसी दिन आईटीआई कॉलोनी स्थित हनुमान मंदिर में विशाल जागरण आयोजित किया जाएगा। 15 नवंबर, रविवार को तीसरे दिन श्रद्धालु अस्ताचलगामी सूर्य को संध्या अर्घ्य अर्पित करेंगे। वहीं 16 नवंबर, सोमवार को अंतिम दिन उदीयमान सूर्य को ऊषा अर्घ्य देने के साथ छठ व्रत का पारण किया जाएगा।
छठ महापर्व सूर्य देव एवं छठी मैया की आराधना का विशेष पर्व है। इस दौरान व्रती कठिन नियमों का पालन करते हुए परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य एवं खुशहाली की कामना करते हैं। पर्व के दौरान सूर्य को अर्घ्य अर्पित करने की परंपरा का विशेष धार्मिक महत्व है।
श्री छठ पूजा समिति ने वार्ड पार्षदों सहित समस्त वार्डवासियों एवं शहरवासियों से आयोजन में बढ़-चढ़कर सहभागिता निभाने तथा सभी धार्मिक कार्यक्रमों में शामिल होकर महापर्व की शोभा बढ़ाने की अपील की है।
हनुमानगढ़ जंक्शन में 13 से 16 नवंबर तक होगा छठ महापर्व का भव्य आयोजन, भाई दूज पर विशाल दंगल का भी होगा आयोजन
Leave a comment
Leave a comment


