भीलवाड़ा। शहर में चेन स्नेचिंग की वारदातों पर अंकुश लगाने के लिए सक्रिय सुभाष नगर थाना पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन झपटने के मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने वारदात में शामिल मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से लूटी गई सोने की चेन और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। वारदात में शामिल दूसरे आरोपी बाल अपचारी की पुलिस तलाश कर रही है।
थानाधिकारी कैलाश कुमार विश्नोई ने बताया कि 4 नवंबर 2026 को शाम करीब 4:45 बजे 60 वर्षीय प्रेम देवी पत्नी स्वर्गीय भंवरलाल रेगर निवासी नया विस्तार पूर्व, सुभाष नगर अपनी बहू के साथ स्कूटी पर सवार होकर बाजार से घर लौट रही थीं। इसी दौरान आरसी व्यास कॉलोनी से सुभाष नगर जाने वाले रास्ते पर बाइक सवार दो युवकों ने उनका पीछा करना शुरू कर दिया। मौका मिलते ही बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने चलती स्कूटी के पास पहुंचकर महिला के गले पर झपट्टा मारा और सोने की चेन तोड़कर फरार हो गया।
महिला के गले से 17 ग्राम वजनी सोने की चेन और उसमें लगा करीब 5 ग्राम का लोकेट बदमाश ले गए। कुल 22 ग्राम सोने के आभूषण की कीमत को लेकर पुलिस जांच कर रही है। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज खंगाले
वारदात की गंभीरता को देखते हुए जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। इसके अलावा तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर तंत्र और संदिग्धों की गतिविधियों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने के प्रयास किए गए। पूर्व में चेन स्नेचिंग जैसी वारदातों में शामिल रहे संदिग्धों से भी पूछताछ की गई। लगातार प्रयासों के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी को चिह्नित कर गिरफ्तार कर लिया।
चेन और वारदात में प्रयुक्त बाइक बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की पहचान पवन राव (40) पुत्र रतनलाल राव निवासी वार्ड नंबर 6, बापूनगर, थाना प्रतापनगर, हाल पटेल नगर के रूप में की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटी गई सोने की चेन और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
प्रारंभिक जांच में वारदात में एक बाल अपचारी की भूमिका भी सामने आई है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि वह पूर्व में भी चेन स्नेचिंग की अन्य वारदातों में शामिल रहा है या नहीं।
बहू के साथ स्कूटी पर जा रही 60 वर्षीय सास के गले से झपटी 22 ग्राम सोने की चेन, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
Leave a comment
Leave a comment


