आसींद (भीलवाड़ा)। विश्व हिंदू परिषद चित्तौड़ प्रांत के हित चिंतक सदस्यता अभियान का शुभारंभ आसींद जिले की पावन धरा मालासेरी डूंगरी स्थित भगवान देवनारायण की जन्मस्थली पर धार्मिक संतों एवं संगठन के पदाधिकारियों की उपस्थिति में हुआ। अभियान का शुभारंभ केंद्रीय मार्गदर्शन मंडल के सदस्य दिनेश जी भाई साहब ने संत-महात्माओं के सानिध्य में किया।
विहिप के विभाग मंत्री विजय ओझा ने बताया कि अखिल भारतीय योजना के अनुसार विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल द्वारा प्रत्येक तीन वर्ष में घर-घर पहुंचकर नए सदस्य बनाने का अभियान चलाया जाता है। इसी क्रम में हित चिंतक सदस्यता अभियान की शुरुआत की गई। मालासेरी डूंगरी में पूज्य महंत श्री रामकृष्ण दास जी महाराज त्यागी पाटन, श्री निवास दास जी महाराज त्यागी, मंदिर के पुजारी हेमराज जी पोसवाल सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए देवनारायण भगवान के पुजारियों एवं भोपाओं की उपस्थिति में अभियान का शुभारंभ हुआ। इस दौरान कार्यक्रम में पहुंचे सभी लोगों को हित चिंतक सदस्य बनाया गया।
कार्यक्रम में केंद्रीय सह मंत्री आनंद जी गोयल, क्षेत्रीय मंत्री सुरेश उपाध्याय, क्षेत्रीय संगठन मंत्री आनंद जी भाई साहब, प्रांत संगठन मंत्री नितिन जी भाई साहब, प्रांत अध्यक्ष प्रताप सिंह जी नागदा, प्रांत मंत्री कौशल जी गौड़, प्रांत सह मंत्री किशन जी गुर्जर, बाल मुकुंद जी शर्मा, विनीत जी तथा अजमेर विभाग के संगठन मंत्री बनवारी जी सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
विभाग मंत्री विजय ओझा ने बताया कि सदस्यता अभियान 6 दिसंबर तक संचालित किया जाएगा। भीलवाड़ा विभाग में इस अभियान के तहत लगभग 51 हजार नए कार्यकर्ता बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लक्ष्य को पूरा करने के लिए विभिन्न प्रखंडों में बैठकों का आयोजन कर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारियां सौंपी जा रही हैं। संगठन की ओर से घर-घर संपर्क कर अधिक से अधिक लोगों को अभियान से जोड़ने की तैयारी की जा रही है।



