राकेश अग्रवाल जिला संवाददाता
सवाई माधोपुर। अग्निशमन विभाग के फायरमैन इस्लामुद्दीन (गब्बार) ने ड्यूटी से बाहर रहते हुए भी साहस और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल पेश की। उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना गैस सिलेंडर में लगी आग पर काबू पाकर एक बड़े हादसे को टाल दिया।
जानकारी के अनुसार, रात्रि ड्यूटी पूरी करने के बाद फायरमैन इस्लामुद्दीन अपने घर पर थे। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे शहर के अंसारी मोहल्ले में पड़ोस में रहने वाले निसार हमद उर्फ छुट्टन खान के घर में इंडियन गैस कंपनी के घरेलू गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई।
सिलेंडर से उठती आग की तेज लपटों को देखकर इस्लामुद्दीन ने बिना देर किए मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। इस दौरान आग की चपेट में आने से उनका एक हाथ बुरी तरह झुलस गया। इसके बावजूद उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और सूझबूझ से आग पर काबू पाने में सफलता हासिल की। उनकी तत्परता से एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना की सूचना मिलने पर सहायक अग्निशमन अधिकारी कृष्णकांत मीना तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल फायरमैन को अपने साथ जिला अस्पताल सवाई माधोपुर लेकर पहुंचे, जहां उनका उपचार जारी है।
फायरमैन इस्लामुद्दीन (गब्बार) का यह साहसिक कार्य जनसेवा, कर्तव्यनिष्ठा और मानवीय संवेदनशीलता की मिसाल है। उन्होंने साबित कर दिया कि सच्चे सेवाकर्मी के लिए जनता की सुरक्षा सर्वोपरि होती है और सेवा का जज्बा ड्यूटी के समय तक सीमित नहीं रहता।
अग्निशमन विभाग सवाई माधोपुर ने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।



