शाहपुरा (भीलवाड़ा)। मूलचन्द पेसवानी
दीपावली के पावन पर्व पर शाहपुरा स्थित रामनिवास धाम में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक उल्लास का अनूठा संगम देखने को मिला। दीपोत्सव के अवसर पर संतों की समाधि छतरियों पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए। वहीं महाप्रभु रामचरणजी महाराज के श्रीभंडार में छप्पनभोग की झांकी सजाई गई। अन्नकूट महोत्सव के दौरान 71 प्रकार के व्यंजनों का भोग श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहा।
दीपोत्सव के अवसर पर महाप्रभु रामचरणजी महाराज के समाधि स्तंभजी के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात बारादरी में आरती-वंदना कर विश्व कल्याण, सुख-समृद्धि और शांति की कामना की गई। संप्रदाय की परंपरा के अनुसार रामनिवास धाम परिसर में सभी आचार्यों एवं संतों की समाधि छतरियों पर भी दीप जलाए गए। दीपों की रोशनी से पूरा परिसर जगमगा उठा।
71 व्यंजनों की झांकी बनी आकर्षण का केंद्र
दीपोत्सव श्रृंखला के तहत सर्व सत्संगीजनों की ओर से आद्याचार्यश्री के श्रीभंडार में छप्पनभोग सजाया गया। कार्यवाहक भंडारी संत नवनिधराम महाराज की अगुवाई में आयोजित अन्नकूट महोत्सव में 71 प्रकार के व्यंजनों की आकर्षक झांकी श्रद्धालुओं के दर्शनार्थ रखी गई। आरती के बाद श्रद्धालुओं को आशीर्वाद प्रदान कर प्रसाद वितरित किया गया। महिला मंडल एवं सर्व सत्संगीजनों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी निभाई।
गुरु ज्ञान से दूर होता है अज्ञान का अंधकार : संत नवनिधराम
इस अवसर पर संत नवनिधराम महाराज ने कहा कि दीपोत्सव केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि गुरु ज्ञान के सानिध्य में जीवन का अंधकार मिटाने और सकारात्मक संकल्प लेने का अवसर है। जिस प्रकार दीपक स्वयं जलकर दूसरों को प्रकाश देता है, उसी प्रकार गुरु ज्ञान व्यक्ति को सही मार्ग दिखाता है। उन्होंने कहा कि देश और समाज की समस्याओं को अज्ञान एवं नकारात्मकता का अंधकार मानते हुए उन्हें दूर करने का संकल्प लेना चाहिए।
रामनिवास धाम में आयोजित दीपोत्सव ने गुरु परंपरा के प्रति श्रद्धा, समर्पण और आध्यात्मिक चेतना का संदेश दिया।
गुरु ज्ञान की रोशनी से जगमगाया रामनिवास धाम, 71 व्यंजनों का सजा अन्नकूट
Leave a comment
Leave a comment


