बिजयनगर तरनदीप सिंह टुटेजा
बिजयनगर। मानव सेवा अपनाघर आश्रम, बिजयनगर में दीपावली का पावन पर्व आश्रम में रह रहे जरूरतमंद, असहाय एवं मंदबुद्धि आवासीय प्रभुजनों के साथ बड़े ही हर्षोल्लास, उत्साह एवं आत्मीयता के साथ मनाया गया।
दीपावली के शुभ अवसर पर सर्वप्रथम आश्रम परिसर में विधि-विधान एवं श्रद्धा के साथ माँ लक्ष्मी का पूजन किया गया तथा सभी के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की गई।
इसके पश्चात शाम को दीपावली के उत्सव को यादगार बनाने के लिए आवासीय प्रभुजनों ने आपस में खुशियाँ बाँटीं। सभी ने मिलकर पटाखे एवं फुलझड़ियाँ चलाकर दीपावली का आनंद लिया। आश्रम परिसर खुशियों और उत्साह से जगमगा उठा।
इस अवसर पर आश्रम के आजीवन सदस्या कार्तिक शर्मा जी सहित अन्य गणमान्य सदस्य एवं आश्रम से जुड़े सहयोगी उपस्थित रहे। कार्तिक शर्मा जी सहित सभी ने आवासीय प्रभुजनों के साथ दीपावली की खुशियाँ साझा कीं।
आश्रम का उद्देश्य है कि यहाँ रहने वाले प्रत्येक आवासीय प्रभुजन को परिवार जैसा स्नेह, अपनापन और खुशियाँ मिलें, ताकि वे भी समाज की मुख्यधारा से जुड़कर प्रत्येक त्योहार को सम्मान एवं उल्लास के साथ मना सकें।
मानव सेवा ही सबसे बड़ी पूजा है।



