रिपोर्टर: घेवरचन्द आर्य, पाली
पाली। शारदीय नवसस्येष्टि दीपावली की अमावस्या के अवसर पर आर्य समाज पाली की ओर से महर्षि दयानन्द सरस्वती का बलिदान दिवस श्रद्धा एवं वैदिक परंपराओं के अनुसार मनाया गया। इस दौरान ईश्वर स्तुति, प्रार्थना, उपासना एवं स्वस्तिवाचन के बाद विधि-विधान से हवन-यज्ञ किया गया। उपस्थित आर्यजनों ने महर्षि दयानन्द सरस्वती के बताए मार्ग पर चलने तथा उनके विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में समाज मंत्री विजयराज आर्य ने महर्षि दयानन्द सरस्वती के जीवन के अंतिम क्षणों का उल्लेख करते हुए कहा कि जब ऋषिवर अपने जीवन की अंतिम बेला में थे, तब उन्होंने उपस्थित लोगों से कहा था कि सभी मेरे पीछे खड़े हो जाओ। इसका भावार्थ बताते हुए उन्होंने कहा कि महर्षि दयानन्द ने अपने अनुयायियों को संदेश दिया था कि उनके बाद सभी आर्य उनके बताए मार्ग को सर्वोपरि मानते हुए उसी दिशा में आगे बढ़ें। उन्होंने कहा कि प्रत्येक आर्य के लिए ऋषि की आज्ञा और उनके सिद्धांत सर्वोपरि होने चाहिए।
प्रचार मंत्री घेवरचन्द आर्य ने बताया कि इस अवसर पर उपस्थित आर्यजनों ने अजमेर में आयोजित होने वाले महर्षि दयानन्द सरस्वती के 143वें बलिदान दिवस समारोह में शामिल होने का निर्णय लिया। परोपकारिणी सभा अजमेर की ओर से स्वामी श्रद्धानन्द सरस्वती के बलिदान शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में 13 से 15 नवंबर तक ऋषि उद्यान, पुष्कर मार्ग, केसरगंज, अजमेर में समारोह आयोजित किया जाएगा। इसमें शामिल होने के लिए 12 नवंबर को शाम पाली से 25 से 30 आर्यजनों का जत्था अजमेर रवाना होगा।
इस अवसर पर आर्य वीर दल संरक्षक धनराज आर्य, आर्य समाज संरक्षक शिवराम प्रजापत, जिला बार एसोसिएशन के सहसचिव कुन्दन चौहान, आर्य वीर दल सचिव हनुमान जांगिड़, भजनोपदेशक ज्ञानाराम आर्य, वरिष्ठ सदस्य पूनमचंद वैष्णव, मुकेश प्रजापत, राधेश्याम आर्य, सिद्धार्थ जांगिड़, काजल सोनी एवं आरती आर्या सहित कई आर्यजन मौजूद रहे।


