राकेश अग्रवाल, संवाददाता | सवाई माधोपुर।
सवाई माधोपुर जिले के बहरावण्डा कलां थाना क्षेत्र के ग्राम बाजौली में पंचायतराज चुनाव में हार-जीत की बात को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। गांव में अशांति की स्थिति बनने पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों पक्षों के कुल 40 लोगों को गिरफ्तार किया है।
जिला पुलिस अधीक्षक सुश्री ज्येष्ठा मैत्रेयी आईपीएस के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नेहा अग्रवाल एवं पुलिस उप अधीक्षक ग्रामीण रामधन के सुपरविजन में थानाधिकारी बनी सिंह पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।
पुलिस के अनुसार, ग्राम बाजौली में दोनों पक्षों के बीच तनाव और अशांति की स्थिति को देखते हुए संज्ञेय अपराध की रोकथाम तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अन्य कोई विकल्प नहीं होने पर भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 126/170 के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने प्रथम पक्ष के 20 तथा द्वितीय पक्ष के 20 लोगों सहित कुल 40 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया है। सभी गिरफ्तार व्यक्तियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई के बाद गांव में फिलहाल शांति व्यवस्था कायम है तथा स्थिति नियंत्रण में है।
बाजौली में चुनावी हार-जीत की बात पर दो पक्षों में पत्थरबाजी, पुलिस ने 40 लोगों को किया गिरफ्तार
Leave a comment
Leave a comment


