शाहपुरा (भीलवाड़ा) – राजेन्द्र खटीक।
पंडेर (जहाजपुर)। पंडेर थाना क्षेत्र के सिहाना गांव निवासी दुर्गालाल भील की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। घटना के तीन दिन बीत जाने के बावजूद मामले में ठोस कार्रवाई नहीं होने को लेकर परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। इसी को लेकर 9 नवंबर 2026 को भीलवाड़ा भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने पंडेर थाने के सामने धरना-प्रदर्शन कर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘चलो पंडेर, चलो पंडेर, पंडेर थाने का घेराव करने’ का आह्वान करते हुए पुलिस प्रशासन से मामले में तत्काल कार्रवाई करने की मांग की। भीम आर्मी जिला भीलवाड़ा को मामले की जानकारी मिलने के बाद संगठन ने पीड़ित परिवार के समर्थन में आंदोलन किया।
एफआईआर दर्ज नहीं करने और दबाव बनाने के आरोप
परिजनों की ओर से पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं। उनका कहना है कि घटना के बावजूद अभी तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई और न ही दर्ज रिपोर्ट की प्रति पीड़ित परिवार को उपलब्ध कराई गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि एफआईआर दर्ज किए बिना ही शव का पोस्टमार्टम करवाकर दबाव और डराने-धमकाने के बीच शव परिवार को सौंप दिया गया। इन आरोपों को लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
विसरा रिपोर्ट का इंतजार, जांच में देरी से बढ़ा आक्रोश
मृतक के विसरा और अन्य जांच सैंपल अभी तक मोर्चरी में रखे होने तथा एफएसएल रिपोर्ट सामने नहीं आने की बात भी परिजनों की ओर से कही जा रही है। जांच में देरी के चलते परिवार और ग्रामीणों में मौत के वास्तविक कारणों को लेकर असमंजस बना हुआ है। ग्रामीणों ने मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही या लीपापोती की आशंका को दूर करने के लिए निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की।
भीम आर्मी ने रखीं प्रमुख मांगें
धरना-प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं और परिजनों ने मांग की कि मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज कर उसकी प्रति पीड़ित परिवार को दी जाए। नामजद संदिग्धों से निष्पक्षता के साथ पूछताछ की जाए, विसरा और एफएसएल रिपोर्ट जल्द मंगवाई जाए तथा जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करते हुए शीघ्र गिरफ्तारी की जाए।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलने तक आंदोलन जारी रखा जाएगा। साथ ही कहा कि मामले में कानून के अनुसार निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करना पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी है।
चलो पंडेर, चलो पंडेर! थाने का घेराव करने पहुंचे भीम आर्मी कार्यकर्ता, दुर्गालाल भील की संदिग्ध मौत को लेकर धरना-प्रदर्शन
Leave a comment
Leave a comment


