उमाशंकर शर्मा टोडारायसिंह
टोडारायसिंह उपखंड क्षेत्र के सैतींवास गांव में गुर्जर समाज की ओर से पारंपरिक छांट भरने की रस्म श्रद्धा और धार्मिक परंपराओं के अनुरूप निभाई गई। इस अवसर पर समाज के लोग सामूहिक रूप से गांव के पास नदी किनारे पहुंचे, जहां विधि-विधान के साथ पितरों का तर्पण किया गया। समाजजनों ने जल अर्पित कर अपने दिवंगत पूर्वजों का स्मरण किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
आयोजन के दौरान नदी किनारे धार्मिक परंपरा के अनुसार छांट भरने की रस्म पूरी की गई। समाज के बुजुर्गों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों का निर्वहन करते हुए युवाओं को इस रस्म के महत्व और इसकी विधि के बारे में जानकारी दी। सामूहिक रूप से किए गए पितृ तर्पण में समाज के लोगों ने श्रद्धापूर्वक भाग लेकर अपने पूर्वजों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।
परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का प्रयास
इस आयोजन की खास बात यह रही कि बुजुर्गों के साथ युवाओं ने भी बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई। बुजुर्गों ने बताया कि छांट भरने की परंपरा समाज में वर्षों से चली आ रही है। इसके माध्यम से पितरों का स्मरण करने के साथ ही नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और पारंपरिक रीति-रिवाजों से जोड़ने का प्रयास किया जाता है।
समाजजनों के अनुसार ऐसे सामूहिक आयोजनों से न केवल पूर्वजों के प्रति श्रद्धा प्रकट होती है, बल्कि समाज में आपसी मेलजोल, भाईचारे और एकजुटता की भावना भी मजबूत होती है। सामूहिक पितृ तर्पण के साथ समाज ने अपनी पुरानी परंपरा को आगे बढ़ाने का संदेश दिया।



