रिपोर्टर – राजेन्द्र खटीक
शाहपुरा (भीलवाड़ा)। दीपावली के पावन पर्व पर शाहपुरा शहर का बाजार आकर्षक रोशनी से जगमगा उठा। रंग-बिरंगी विद्युत लाइटों और खूबसूरत सजावट से सजे बाजार ने शहर की सुंदरता में चार चांद लगा दिए। शाम होते ही बाजार की जगमगाहट देखते ही बन रही है। रोशनी से सजे बाजार में दीपोत्सव का उत्साह और उमंग साफ नजर आ रहा है।
दीपावली के अवसर पर नगर पालिका की ओर से शहर के प्रमुख बाजार में विशेष सजावट एवं व्यवस्थाएं की गईं। बालाजी की छतरी से लेकर त्रिमूर्ति चौराहे तक आकर्षक विद्युत सजावट कराई गई। वहीं मुख्य मार्ग पर कालीन बिछाकर बाजार को विशेष रूप दिया गया, जिससे यहां से गुजरने वाले शहरवासियों और बाहर से आने वाले लोगों को उत्सवी माहौल का अनुभव हुआ।
नगर पालिका की इस पहल से बाजार की सुंदरता में खास निखार आया। जगमगाती रोशनी और सुसज्जित मुख्य मार्ग को देखकर शहरवासियों ने व्यवस्थाओं की सराहना की। दीपावली के अवसर पर बाजार में दिखाई दे रही रौनक ने पूरे शहर को उत्सव के रंग में रंग दिया।
कुल मिलाकर दीपावली पर शाहपुरा का बाजार रोशनी, आकर्षक सजावट और उल्लास के साथ दीपोत्सव की खूबसूरत तस्वीर पेश करता नजर आया।


