रिपोर्टर – राकेश अग्रवाल
सवाई माधोपुर। पंचायतीराज चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता की पालना सुनिश्चित करने और अवैध शराब की तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग लगातार कार्रवाई कर रहा है। इसी कड़ी में विभाग की टीम ने नादौती तहसील के गांव जीतकीपुर में दबिश देकर हरियाणा ब्रांड की 8 पेटी शराब जब्त की है। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 85 हजार रुपये बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, आबकारी आयुक्त के निर्देशन में विशेष निरोधात्मक अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त आबकारी आयुक्त, जोन भरतपुर एवं उपायुक्त ज्ञान प्रकाश मीना से प्राप्त इनपुट के आधार पर जिला आबकारी अधिकारी सवाई माधोपुर तथा सहायक आबकारी अधिकारी के निकट सुपरविजन में यह कार्रवाई की गई।
आबकारी थाना प्रभारी गंगापुर सिटी सुरेश यादव के नेतृत्व में गठित टीम ने गांव जीतकीपुर में दबिश दी। इस दौरान मौके से हरियाणा ब्रांड की 8 पेटी शराब बरामद कर जब्त की गई।
मामले में आबकारी विभाग ने विशेष श्रेणी का अभियोग दर्ज कर लिया है। साथ ही प्रकरण में अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी गई है। चुनाव के दौरान अवैध शराब के भंडारण और वितरण पर रोक लगाने के लिए विभाग की ओर से विशेष निगरानी एवं निरोधात्मक कार्रवाई जारी है।
पंचायतीराज चुनाव के बीच आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, हरियाणा ब्रांड की 8 पेटी अवैध शराब जब्त
Leave a comment
Leave a comment


