Ad imageAd image

परमहंस (PCP) स्कूल में धूमधाम से मनाया दीपोत्सव, रंगोली और दीया सजावट प्रतियोगिताओं ने मोहा मन

Harshraj Singh Gour
2 Min Read

रिपोर्टर – डॉ. सीएम भारद्वाज

चिड़ावा। शहर के मंड्रेला रोड स्थित परमहंस (PCP) स्कूल में दीपोत्सव एवं दिवाली स्नेह मिलन कार्यक्रम हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ संस्था के संरक्षक बिरजू राम जांगिड़, निदेशक विक्रम जांगिड़ एवं सह निदेशक मनोज जांगिड़ ने मां लक्ष्मी की प्रतिमा के समक्ष माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।

दीपावली के अवसर पर विद्यालय में रंगोली, दीया सजावट एवं द्वार सज्जा प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मकता, कलात्मक प्रतिभा और कल्पनाशक्ति का शानदार प्रदर्शन किया। रंग-बिरंगी रंगोलियों के माध्यम से बच्चों ने दीपावली के महत्व और अंधकार पर प्रकाश की विजय का संदेश दिया।

दीया सजावट प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने स्वदेशी परंपरा को अपनाते हुए मिट्टी के दीयों को आकर्षक रंगों और मनमोहक आकृतियों से सजाया। वहीं द्वार सज्जा प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने टीम भावना और रचनात्मक सोच के साथ विद्यालय के प्रवेश द्वारों को पारंपरिक सजावट एवं रंगों से आकर्षक रूप प्रदान किया।

इस अवसर पर विद्यालय के निदेशक विक्रम जांगिड़ ने कहा कि यह आयोजन केवल प्रतियोगिता तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय संस्कृति, परंपराओं और संस्कारों की जीवंत झलक है। खुशियां मिलकर बांटने से बढ़ती हैं। दीपावली का प्रत्येक दीप हमें यह संदेश देता है कि अंधकार कितना भी गहरा क्यों न हो, एक दीपक उसे दूर करने की शुरुआत कर सकता है।

विद्यालय परिवार ने सभी को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए आपसी प्रेम, भाईचारे, स्वच्छता और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि शिक्षा के साथ संस्कार और परंपराओं के साथ आधुनिकता को महत्व देना ही PCP स्कूल की विशेष पहचान है।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!