रिपोर्टर: जेठानंद कारयानी
हनुमानगढ़। युवाओं को तंबाकू की लत से बचाने और आमजन को इसके गंभीर दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के लिए हनुमानगढ़ जिले में टोबैको फ्री यूथ कैंपेन 4.0 के तहत विशेष अभियान चलाया जा रहा है। 28 अक्टूबर से 26 दिसंबर 2026 तक संचालित इस अभियान में जागरूकता के साथ-साथ तंबाकू नियंत्रण कानूनों की पालना नहीं करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अभियान के तहत सार्वजनिक स्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने और युवाओं को तंबाकू सेवन से दूर रखने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
बस स्टैंड-रेलवे स्टेशन के 100 गज दायरे में रोजाना कटेंगे चालान
अभियान के दौरान बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन के 100 गज के दायरे में विशेष निगरानी रखी जाएगी। यहां कोटपा अधिनियम की धारा 4 एवं 6 का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ प्रतिदिन चालान काटने की कार्रवाई होगी। इसके लिए विशेष प्रवर्तन टीमें गठित कर नियमित निरीक्षण किया जाएगा।
सरस बूथों पर होगी सघन जांच
जिले के सरस बूथों पर भी प्रशासन की विशेष नजर रहेगी। अभियान के तहत इन बूथों पर तंबाकू उत्पादों की बिक्री बंद करवाने के लिए सघन जांच की जाएगी। सार्वजनिक स्थलों पर तंबाकू उत्पादों की बिक्री और उपलब्धता पर नियंत्रण स्थापित करना अभियान का प्रमुख उद्देश्य है।
स्कूल-कॉलेज और ग्राम पंचायतों तक पहुंचेगी मुहिम
शिक्षण संस्थानों को तंबाकू मुक्त बनाने के लिए निर्धारित दिशा-निर्देशों की पालना करवाई जाएगी। विद्यालयों और महाविद्यालयों में विद्यार्थियों को तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के बारे में जागरूक किया जाएगा। वहीं ग्राम पंचायतों में तंबाकू मुक्त ग्राम की गाइडलाइन लागू करवाने पर भी जोर रहेगा।
सोशल मीडिया से भी होगा प्रचार-प्रसार
तंबाकू के दुष्प्रभावों और इससे होने वाली बीमारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का सहारा लिया जाएगा। साथ ही तंबाकू छोड़ने से होने वाले स्वास्थ्य लाभों की जानकारी भी आमजन तक पहुंचाई जाएगी।
दो कानूनों के तहत होगी कार्रवाई
विशेष अभियान के दौरान सिगरेट एवं अन्य तंबाकू उत्पाद अधिनियम (कोटपा), 2003 तथा इलेक्ट्रॉनिक सिगरेट निषेध अधिनियम, 2019 के प्रावधानों के तहत प्रवर्तन कार्रवाई की जाएगी।
प्रशासन का उद्देश्य कानूनों की प्रभावी पालना सुनिश्चित करने के साथ जिले में तंबाकू मुक्त वातावरण तैयार करना और युवाओं को नशे की गिरफ्त में आने से बचाना है। 26 दिसंबर तक चलने वाले इस अभियान में नियमित जांच, चालान और जनजागरूकता गतिविधियों के माध्यम से तंबाकू के खिलाफ मुहिम को मजबूती दी जाएगी।


