डॉ. सीएम भारद्वाज
चिड़ावा। एमडी लिटिल फ्लावर स्कूल में दीपावली के पावन पर्व के उपलक्ष्य में दीपोत्सव का भव्य एवं आकर्षक आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण, सांस्कृतिक उल्लास और रचनात्मकता के रंगों से सराबोर नजर आया। विद्यार्थियों ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए रामायण के विभिन्न प्रसंगों पर आधारित मनमोहक झांकियां तैयार कीं। इसके साथ ही रामायण की कथावस्तु से ओतप्रोत नाट्य प्रस्तुतियों एवं आकर्षक नृत्यों के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा, त्याग, सत्य और धर्म की महत्ता को प्रभावशाली ढंग से प्रदर्शित किया।
विद्यार्थियों ने अपनी कक्षाओं को रंग-बिरंगी सजावटी सामग्री एवं आकर्षक कलाकृतियों से सजाया। वहीं विभिन्न कक्षाओं में बनाई गई सुंदर रंगोलियों ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। प्रत्येक प्रस्तुति में विद्यार्थियों की कल्पनाशीलता, सामूहिक सहभागिता एवं सांस्कृतिक चेतना की सुंदर झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के चेयरमैन सुनील डांगी, डायरेक्टर श्रीमती समित डांगी एवं प्राचार्य अंकित शर्मा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
इस अवसर पर चेयरमैन सुनील डांगी ने अपने संबोधन में कहा कि दीपावली ज्ञान, सद्भावना एवं सकारात्मकता का पर्व है। भगवान श्रीराम के जीवन से प्रेरणा लेते हुए विद्यार्थियों को सत्य, अनुशासन एवं कर्तव्यनिष्ठा के मार्ग पर चलना चाहिए। डायरेक्टर श्रीमती समित डांगी ने कहा कि ऐसे सांस्कृतिक आयोजन विद्यार्थियों को भारतीय संस्कृति एवं परंपराओं से जोड़ने के साथ-साथ उनकी रचनात्मकता, आत्मविश्वास और सहयोग की भावना को विकसित करते हैं। वहीं प्रिंसिपल अंकित शर्मा ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों का सर्वांगीण विकास करना है तथा इस प्रकार के आयोजन बच्चों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने एवं नैतिक मूल्यों को आत्मसात करने का अवसर प्रदान करते हैं।
सम्पूर्ण आयोजन उत्साह, उमंग एवं सांस्कृतिक गरिमा के साथ संपन्न हुआ। विद्यार्थियों की मनोहारी प्रस्तुतियों ने दीपोत्सव को यादगार बना दिया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यालय परिवार ने प्रकाश पर्व के मूल संदेश असत्य पर सत्य, अधर्म पर धर्म और अंधकार पर प्रकाश की विजय को सार्थक रूप में प्रस्तुत किया।
एमडी लिटिल फ्लावर स्कूल में हर्षोल्लास एवं भक्तिमय वातावरण में मनाया गया दीपोत्सव, विद्यार्थियों ने रामायण की जीवंत झांकियों एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से मोहा मन
Leave a comment
Leave a comment


