उमाशंकर शर्मा, टोडारायसिंह।
दीपोत्सव के पांच दिवसीय पर्व को लेकर कस्बे में घरों की साफ-सफाई और रंगाई-पुताई का दौर चल रहा है। दीपावली पर घरों को सजाने की वर्षों पुरानी परंपरा आज भी उत्साह के साथ निभाई जा रही है। इस दौरान महिलाएं और युवतियां घरों के आंगन में पारंपरिक मांडणे बनाकर सुंदर सजावट कर रही हैं।
परंपरा के अनुसार सबसे पहले घरों के आंगन को गोबर से लीपा जाता है। इसके बाद खड़िया, गेरू और झिकरा से आकर्षक मांडणे बनाए जाते हैं। महिलाएं मांडणों को शुभ मानती हैं और नई पीढ़ी को भी इस परंपरा से जोड़ रही हैं। इससे घर-आंगन सुंदर दिखने के साथ ही दीपावली की रौनक भी बढ़ रही है।


