रिपोर्टर -राकेश अग्रवाल
सवाई माधोपुर। दीपावली जैसे प्रमुख त्योहार पर भी शहर के हाउसिंग बोर्ड और श्याम वाटिका क्षेत्र के लोगों को बिजली कटौती की समस्या से राहत नहीं मिल पाई। निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को लेकर जिला कलेक्टर द्वारा दिए गए निर्देश धरातल पर बेअसर नजर आए। त्योहारी सीजन में बेहतर बिजली व्यवस्था बनाए रखने के लिए आयोजित बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए जाने के बावजूद आमजन को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गौरतलब है कि जिला कलेक्टर ने विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता को निर्देश दिए थे कि दीपावली के दौरान जिले में निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। अनावश्यक बिजली कटौती नहीं की जाए तथा नियमित विद्युत कटौती को भी यथासंभव स्थगित रखा जाए। इसके साथ ही सभी ग्रिड सब स्टेशन (जीएसएस) पर पर्याप्त कार्मिकों की नियुक्ति, विद्युत लाइनों के रखरखाव और तकनीकी टीमों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए थे।
कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए थे कि विद्युत आपूर्ति में किसी भी प्रकार का व्यवधान होने पर उसका तत्काल समाधान किया जाए, ताकि त्योहार के दौरान आमजन को परेशानी नहीं हो।
इसके बावजूद हाउसिंग बोर्ड और श्याम वाटिका क्षेत्र में बिजली कटौती की समस्या सामने आने से विद्युत विभाग की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं। जिला प्रशासन के निर्देशों की पालना आखिर किस स्तर पर हुई? जब जिला कलेक्टर ने पहले ही निर्बाध बिजली आपूर्ति के निर्देश दिए थे, तो फिर दीपावली पर लोगों को बिजली कटौती का सामना क्यों करना पड़ा?
अब देखना होगा कि विद्युत विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस समस्या को लेकर क्या जवाब देते हैं और आमजन को राहत दिलाने के लिए क्या कदम उठाते हैं।


