उमाशंकर शर्मा टोडारायसिंह
टोंक। दीपावली पर्व को लेकर कस्बे के बाजारों में रौनक परवान पर है। शुक्रवार को धनतेरस के अवसर पर बाजार में जमकर खरीदारी हुई। शुभ मुहूर्त में खरीदारी को लेकर सुबह से ही दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही शुरू हो गई, जो देर शाम तक जारी रही। मनिहारी, इलेक्ट्रिकल्स, मिट्टी के बर्तन, कपड़े, रेडीमेड गारमेंट्स, सोने-चांदी के आभूषण और बर्तनों की दुकानों पर खरीदारों की विशेष भीड़ देखने को मिली।
धनतेरस पर परंपरागत रूप से बर्तन और सोने-चांदी की खरीदारी के साथ लोगों ने घरों की सजावट, पूजन सामग्री, दीपक, मिट्टी के खिलौने और अन्य घरेलू सामान की भी जमकर खरीदारी की। बाजार में जगह-जगह सजी सजावटी सामग्री और दीपावली से जुड़े सामान की दुकानों पर भी ग्राहकों की भीड़ रही। त्योहार के उत्साह के बीच बाजार में दिनभर चहल-पहल बनी रही।
इधर, खरीदारों की भीड़ के चलते मुख्य बाजार में बार-बार जाम के हालात बने। दोपहिया वाहनों और पैदल राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं नगरपालिका की ओर से मुख्य बाजार, सर्किल और ऐतिहासिक दरवाजों पर की गई रंग-बिरंगी विद्युत सजावट ने बाजार की रौनक बढ़ा दी। रोशनी से जगमगाते बाजार में खरीदारी के लिए देर शाम तक लोगों की आवाजाही बनी रही।
धनतेरस पर बाजार में बरसा धन, खरीदारों की रही रेलमपेल**
**मनिहारी से लेकर सोने-चांदी और बर्तनों की दुकानों पर उमड़ी भीड़, देर शाम तक बाजार रहे गुलजार**
Leave a comment
Leave a comment


