रिपोर्टर -राकेश अग्रवाल
सवाई माधोपुर सकल दिगंबर जैन समाज द्वारा छटवें तीर्थंकर भगवान पदमप्रभु का जन्म व तप कल्याणक शुक्रवार को धर्म आराधना पूर्वक मनाया गया। इस दौरान जिनेंद्र भक्त भक्ति रस में डूबे हुए थे।
समाज के प्रवक्ता प्रवीण जैन ने बताया कि अहिंसा सर्किल आलनपुर स्थित दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र चमत्कारजी मंदिर में समाज के महामंत्री हरसीलाल जैन श्रीमाल के संयोजन एंव पंडित अंकित जैन शास्त्री के मंत्रोचार के बीच जिनेंद्र भक्तों ने मांगलिक क्रियाओं के साथ मंदिर के मूलनायक भगवान पदमप्रभु का उपस्थितजनों की करतल ध्वनियों के बीच प्रासुक जल से अभिषेक किया। वहीं पदम चंद कासलीवाल एंव योगेंद्र पांड्या ने विश्व की सुख-समृद्धि व शांति की कामना के साथ रजत कलश से प्रभु चरणों में शांतिधारा प्रवाहित कर जिनेंद्र देव को चंवर ढुलाए।
इसके उपरांत श्रावक डॉ.शिखर चंद जैन के संयोजन में भगवान पदमप्रभु की अष्टद्रव्यों से भक्ति पूर्वक पूजन कर जन्म व तप कल्याणकों के अर्घ्य समर्पित किए और भगवान का गुणगान किया। अर्घ्य समर्पित करते ही भक्ति व केसरिया वातावरण से सराबोर मंदिर परिसर भगवान पदमप्रभु के जयकारों से गुंजायमान हो गया।
इस मौके पर लोगों को पर्यावरण दूषित होने से बचाने व प्राणियों के प्रति दया भाव रखते हुए अहिंसा,प्रेम व ज्ञान की दीपावली मनाने का संदेश दिया।
भगवान महावीर का निर्वाणोत्सव:
सकल दिगंबर जैन समाज के तत्वावधान में 24 वें तीर्थंकर भगवान महावीर का 2553वां निर्वाणोत्सव सोमवार को धूम-धाम से मनाया जाएगा।
प्रवक्ता प्रवीण जैन ने बताया कि अहिंसा सर्किल आलनपुर स्थित दिगंबर जैन अतिशय क्षेत्र चमत्कारजी मंदिर सहित नगर परिषद क्षेत्रांतर्गत स्थित जिनालयों में जिनेंद्र देव का अभिषेक,शांतिधारा व भगवान महावीर की अष्टद्रव्यों से विशेष पूजा -अर्चना के साथ ही मोक्ष के प्रतीक स्वरूप निर्वाण लड्डू चढ़ा कर निर्वाणोत्सव के प्रति श्रद्धा, सम्मान एवं खुशी प्रकट प्रकट की जाएगी। साथ ही जिनालयों को आकर्षक रोशनी से सजाया जाएगा व घर आंगनों में रंगोली सजाई जाएगी।
वहीं भगवान महावीर के गणधर- गौतम स्वामी के केवल ज्ञान प्राप्ति के उपलक्ष्य में सांयकाल ज्ञान लक्ष्मी- मां जिनवाणी की पूजा कर ज्ञान के प्रतीक दीपक जलाए जाएंगे।


