डॉ. सीएम भारद्वाज
चिड़ावा । हिंद एकेडमी, चिड़ावा | GW Excellence School, India में दीपावली के पावन अवसर पर भव्य दीपोत्सव समारोह का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के विद्यार्थियों एवं अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए दीपावली के पर्व को यादगार बनाया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के चेयरमैन संजय पूनिया तथा GW Excellence School के CEO एवं संस्थापक अजय सैनी ने उपस्थित अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को दीपावली के सांस्कृतिक, सामाजिक एवं शैक्षिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल किताबी शिक्षा तक सीमित न रहकर विद्यार्थियों में रचनात्मकता, आत्मविश्वास, व्यावहारिक कौशल एवं उद्यमशीलता की भावना विकसित करना है।
समारोह में विद्यार्थियों एवं अभिभावकों द्वारा आकर्षक नृत्य एवं गायन प्रस्तुतियां दी गईं। दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम के माध्यम से सभी ने प्रकाश, सकारात्मकता एवं खुशहाली का संदेश दिया।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण विद्यार्थियों द्वारा आयोजित कला प्रदर्शनी रही, जिसमें विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक सोच, कलात्मक प्रतिभा एवं नवाचार का शानदार प्रदर्शन किया।
वहीं, विद्यालय के Entrepreneurship Club के विद्यार्थियों ने विभिन्न उत्पादों एवं खाद्य सामग्रियों के स्टॉल लगाकर अपने व्यावसायिक कौशल का परिचय दिया। इन स्टॉल्स के माध्यम से विद्यार्थियों को वास्तविक व्यावसायिक अनुभव, उत्पाद प्रस्तुति, ग्राहक संवाद, प्रबंधन एवं आर्थिक गतिविधियों को समझने का अवसर मिला। अभिभावकों ने भी विद्यार्थियों के इस प्रयास की सराहना की और स्टॉल्स पर खरीदारी कर उनका उत्साहवर्धन किया। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार, ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को मंच प्रदान करने के साथ-साथ उनमें नेतृत्व क्षमता, टीमवर्क, रचनात्मकता एवं आत्मनिर्भरता विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समारोह में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार की सक्रिय भागीदारी ने दीपोत्सव को एक यादगार सामूहिक उत्सव बना दिया।


