चिड़ावा। दीपावली के पावन पर्व पर चिड़ावा नगर पालिका में खुशियों और उत्साह का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर नगर पालिका चेयरमैन सुमित्रा सैनी एवं अधिशासी अधिकारी गौतम शर्मा ने सफाईकर्मियों और पालिका कर्मचारियों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। उन्होंने सभी कर्मचारियों को मिठाई वितरित कर दीपावली की शुभकामनाएं दीं और उनके कार्यों की सराहना करते हुए सम्मान किया।
इस दौरान चेयरमैन सुमित्रा सैनी ने कहा कि नगर की स्वच्छता, सुंदरता और व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने में सफाईकर्मियों एवं नगर पालिका कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उनके समर्पण और मेहनत से ही शहर की व्यवस्थाएं बेहतर बनी रहती हैं। उन्होंने सभी कर्मचारियों के योगदान की प्रशंसा करते हुए त्योहार की खुशियां मिल-जुलकर मनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में पार्षद शीशराम सैनी बिल्लू, डॉ. नरेंद्र सिंह सहित नगर पालिका के कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर दीपावली की शुभकामनाएं दीं और आपसी प्रेम, भाईचारे एवं सौहार्द के साथ पर्व मनाया।



