Ad imageAd image

दीपावली पर चिड़ावा में सजा अस्थायी पटाखा बाजार, 80 दुकानों का आवंटन

Awaaz Rajasthan
2 Min Read

डॉ. सीएम भारद्वाज | चिड़ावा।

दीपावली पर्व को लेकर चिड़ावा शहर में प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। नगर पालिका की ओर से डालमिया बॉयज स्कूल वाली जगह पर विकसित हो रहे विनायक सिटी सेंटर में अस्थायी पटाखा बाजार तैयार किया गया है। यहां लॉटरी प्रक्रिया के माध्यम से करीब 80 दुकानों का आवंटन किया गया है। नगर पालिका ने टेंट लगाकर दुकानों की व्यवस्था की है।

यह अस्थायी पटाखा बाजार 6 से 8 नवंबर तक तीन दिनों के लिए संचालित होगा। दुकानों के संचालन का समय सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक निर्धारित किया गया है। बाजार की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए ईओ गौतम शर्मा एवं फायर प्रभारी दीपक जांगिड़ ने निरीक्षण किया।

निर्धारित स्थान के अलावा कहीं बिक्री की अनुमति नहीं

निरीक्षण के दौरान ईओ गौतम शर्मा ने स्पष्ट किया कि शहर में पटाखों की बिक्री केवल विनायक सिटी सेंटर स्थित निर्धारित अस्थायी बाजार में ही की जा सकेगी। शहर के अन्य किसी भी हिस्से में पटाखे बेचने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ पुलिस प्रशासन द्वारा सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

सुरक्षा में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

अधिकारियों ने पटाखा बाजार में अग्नि सुरक्षा से जुड़े इंतजामों की बारीकी से जांच की। दुकानदारों को दुकानों पर बालू से भरी बाल्टियां, पर्याप्त पानी और अग्निशमन यंत्र अनिवार्य रूप से रखने के निर्देश दिए गए। वहीं बाजार के आसपास बीड़ी-सिगरेट, माचिस और खुले में आग जलाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।

फायर प्रभारी दीपक जांगिड़ ने दुकानदारों को निर्धारित समय सुबह 6 बजे से रात 9 बजे तक ही दुकानें संचालित करने के निर्देश दिए। प्रशासन का उद्देश्य दीपावली के दौरान पटाखों की खरीदारी के लिए सुरक्षित और व्यवस्थित बाजार उपलब्ध कराना तथा किसी भी संभावित हादसे को रोकना है।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!