सवाई माधोपुर। बजरिया स्थित इंदिरा मैदान में पांच दिवसीय दीपावली उत्सव के तहत पटाखों की दुकानें सजकर तैयार हो गई हैं। मैदान में बड़ी संख्या में आतिशबाजी की दुकानें लगाई गई हैं, जहां दीपावली की खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ पहुंच रही है।
वहीं दूसरी ओर पटाखों की दुकानों पर अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो रहे हैं। जानकारी के अनुसार, कई दुकानों के आसपास आग बुझाने के उपकरण (फायर एक्सटिंग्विशर) सहित आवश्यक सुरक्षा संसाधन पर्याप्त नजर नहीं आ रहे हैं। पटाखों की बिक्री के दौरान सुरक्षा इंतजामों में लापरवाही किसी बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
ऐसे में यदि किसी दुकान पर आगजनी की घटना होती है तो आसपास की अन्य दुकानों तक आग फैलने का खतरा भी बना रह सकता है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन एवं संबंधित विभाग से मांग की है कि पटाखों की दुकानों का सुरक्षा के लिहाज से निरीक्षण करवाया जाए तथा प्रत्येक दुकान पर अग्निशमन यंत्र, पानी और अन्य जरूरी सुरक्षा संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
दीपावली की खुशियां सुरक्षा के साथ मनें, इसके लिए प्रशासन को समय रहते पुख्ता इंतजाम करने की जरूरत है।
संवाददाता: राकेश अग्रवाल, सवाई माधोपुर
इंदिरा मैदान में सजी पटाखों की दुकानें, अग्निशमन सुरक्षा इंतजामों पर उठे सवाल
Leave a comment
Leave a comment


