राकेश अग्रवाल | जिला संवाददाता
सवाई माधोपुर। पांच दिवसीय दीपावली उत्सव को लेकर शहर में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए प्रशासन की ओर से विशेष इंतजाम किए गए हैं। बजरिया के मुख्य बाजार में जगह-जगह बेरिकेटिंग की गई है। वहीं रेलवे स्टेशन के पास शर्मा होटल के समीप दोपहिया वाहनों की आवाजाही पर भी रोक लगा दी गई है।
इस व्यवस्था के चलते रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों और स्थानीय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों का कहना है कि रेलवे स्टेशन तक पहुंचने के लिए दोपहिया वाहनों को भी अनुमति नहीं मिलने से अनावश्यक दिक्कतें उठानी पड़ रही हैं।
यात्रियों एवं वाहन चालकों ने बताया कि दीपावली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना जरूरी है, लेकिन इसके साथ ही आमजन की सुविधा का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सुरक्षा व्यवस्था प्रभावित किए बिना रेलवे स्टेशन आने-जाने वाले यात्रियों और स्थानीय निवासियों के लिए उचित वैकल्पिक व्यवस्था की जाए, ताकि उन्हें परेशानी से राहत मिल सके।



