डॉ सीएम भारद्वाज
*सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने किया पोस्टर का विमोचन, 26 दिसंबर तक चलेगा 60 दिवसीय विशेष अभियान*
झुंझुनूं। तंबाकू एवं तंबाकू जनित उत्पादों के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति युवाओं और आमजन को जागरूक करने के उद्देश्य से संचालित टोबेको फ्री यूथ कैंपेन 0.4 के जनजागरूकता पोस्टर का विमोचन गुरुवार को स्वास्थ्य भवन में सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने किया।
इस अवसर पर अभियान के नोडल अधिकारी एवं डिप्टी सीएमएचओ डॉ. भंवर लाल सर्वा, डीपीओ डॉ. ऋतु शेखावत, डीएम शीशपाल सैनी, विनय खंडेलवाल, डीपीसी डॉ. महेश कड़वासरा, स्टोर प्रभारी विक्रम सिंह, प्रमोद चाहर सहित स्वास्थ्य विभाग के अनेक कार्मिक उपस्थित रहे।
सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर ने बताया कि टोबेको फ्री यूथ कैंपेन 0.4 के तहत तंबाकू एवं तंबाकू जनित उत्पादों के सेवन से होने वाले शारीरिक एवं स्वास्थ्य संबंधी नुकसान के प्रति युवाओं और आमजन को जागरूक किया जाएगा। इसके लिए 60 दिवसीय विशेष जागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है, जो 26 दिसंबर 2026 तक चलेगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान ग्राम स्तर से लेकर ब्लॉक एवं जिला स्तर तक विभिन्न जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से युवाओं को तंबाकू सेवन से दूर रहने, तंबाकू मुक्त जीवनशैली अपनाने तथा समाज में तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया जाएगा।


