Ad imageAd image

दीपावली से पहले खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, बड़े प्रतिष्ठानों से लिए 6 नमूने

Mahesh Puri
2 Min Read

रिपोर्टर -:राकेश अग्रवाल


सवाई माधोपुर,। दीपावली पर्व के मद्देनजर खाद्य पदार्थों में मिलावट रोकने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से जिले में “शुद्ध आहार मिलावट पर वार” अभियान के तहत सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में गुरुवार को सवाई माधोपुर के बड़े मिठाई प्रतिष्ठानों एवं दुकानों पर कार्रवाई करते हुए कुल 6 खाद्य नमूने लिए गए।

टीम ने जनता जोधपुर स्वीट्स होम के गोदाम पर छापा मारकर तैयार मिठाइयों की जांच की। यहां से गुलाब जामुन, काजू कतली एवं कलाकंद के नमूने लिए गए। इसके अलावा विनायक वाला, सिटी मॉल से काजू कतली एवं बर्फी, पारस कचौरी नमकीन एंड स्वीट्स से मावा बर्फी तथा सुरुचि ड्राईफ्रूट्स से अखरोट एवं पिस्ता के नमूने लिए गए।

सभी नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट में खाद्य पदार्थ अमानक या असुरक्षित पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत संबंधित प्रतिष्ठानों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।

साफ-सफाई को लेकर दिए निर्देश

कार्रवाई के दौरान प्रतिष्ठान संचालकों को साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही मौके पर ही सुधार नोटिस (Improvement Notice) भी जारी किए गए।

चांदी के वर्क को लेकर हलवाइयों को किया जागरूक

टीम ने मिठाइयों पर उपयोग किए जा रहे चांदी के वर्क को लेकर भी हलवाइयों को जागरूक किया। अधिकारियों ने बताया कि हाल ही में चांदी के वर्क में एल्युमिनियम की मिलावट के मामले सामने आए हैं। ऐसे में हलवाइयों को चांदी के वर्क के उपयोग में सावधानी बरतने और इसके इस्तेमाल से बचने के लिए पाबंद किया गया।

यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी वेद प्रकाश पूर्विया, नितेश गौतम, चंचल मीणा, ज्योति अग्रवाल, वीरेंद्र सिंह राजपूत एवं राजेंद्र प्रसाद मीणा की टीम द्वारा की गई।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!