Ad imageAd image

पंचायत कार्यालय में पदभार ग्रहण के दौरान बवाल, सरपंच को जातिसूचक शब्द कहने का आरोप; समर्थक का सिर फोड़ा

Awaaz Rajasthan
3 Min Read

शाहपुरा (मूलचन्द पेसवानी) = पंचायत चुनाव की हार-जीत की रंजिश अब गांवों में विवाद का रूप लेने लगी है। फूलियाकलां पंचायत समिति की नवगठित रूपपुरा ग्राम पंचायत में गुरुवार को नवनिर्वाचित सरपंच के पदभार ग्रहण समारोह के दौरान जमकर हंगामा हो गया। देखते ही देखते कहासुनी गाली-गलौज और धक्का-मुक्की में बदल गई। आरोप है कि विपक्षी पक्ष के लोगों ने सरपंच को जातिसूचक शब्द कहकर अपमानित किया और धक्के देकर पंचायत कार्यालय से बाहर निकालने का प्रयास किया। इसी दौरान सरपंच के एक समर्थक के सिर पर लकड़ी से हमला कर उसे गंभीर घायल कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार नवनिर्वाचित सरपंच घीसालाल भील गुरुवार सुबह करीब 10 बजे अपने समर्थकों के साथ पंचायत कार्यालय पहुंचे थे। इसी दौरान विपक्षी पक्ष के लोगों से उनकी कहासुनी हो गई। सरपंच की ओर से थाने में दी गई रिपोर्ट में आरोप लगाया गया कि विपक्षी पक्ष के लोग पत्थर और लाठियां लेकर पहुंचे तथा उनके साथ अभद्रता और धक्का-मुक्की की। विरोध के बीच सरपंच ने अपना पदभार ग्रहण कर लिया।

लकड़ी के वार से समर्थक गंभीर घायल

विवाद के दौरान आरोप है कि विपक्षी पक्ष के नारायण गुर्जर ने सरपंच समर्थक किशनलाल कुमावत के सिर पर लकड़ी से वार कर दिया। हमले में किशनलाल गंभीर घायल हो गए। उन्हें तत्काल शाहपुरा जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने भीलवाड़ा रेफर कर दिया।

डीएसपी को सौंपी जांच, गांव में पुलिस गश्त

सरपंच घीसालाल भील की रिपोर्ट पर फूलियाकलां थाना पुलिस ने जातिसूचक शब्दों से अपमानित करने, ग्राम पंचायत के सरकारी कार्य में बाधा डालने सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है। थाना प्रभारी दिनेश कुमार चौधरी ने बताया कि मामले की जांच शाहपुरा डीएसपी नानालाल सालवी को सौंपी गई है।

घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया। सूचना पर भाजपा नेताओं ने मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझाइश की, जिसके बाद स्थिति शांत हुई। एहतियात के तौर पर पुलिस ने गांव में गश्त शुरू कर दी है। पुलिस आरोपियों की तलाश के साथ पूरे मामले की जांच में जुटी है।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!