Ad imageAd image

स्वच्छता के प्रहरियों का सम्मान, दीपावली पर नगर पालिका ने बांटी खुशियां
आसींद में दीपावली स्नेह मिलन समारोह आयोजित, सफाई मित्रों सहित सरकारी कार्यालयों के कर्मचारियों को मिठाई भेंट कर दी शुभकामनाएं

Harshraj Singh Gour
2 Min Read

रिपोर्टर: विजयपाल सिंह राठौड़

आसींद। दीपावली के पावन पर्व पर नगर पालिका आसींद में स्नेह, सौहार्द और सम्मान का अनूठा संगम देखने को मिला। नगर पालिका परिसर में दीपावली स्नेह मिलन समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। इस अवसर पर शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले सफाई मित्रों का सम्मान किया गया तथा नगर पालिका परिवार ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में नगर पालिका अध्यक्ष सत्येंद्र सिंह चौहान ने कहा कि नगर पालिका केवल एक सरकारी संस्था नहीं, बल्कि एक परिवार है। इस परिवार का प्रत्येक सदस्य अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए आसींद के विकास और स्वच्छता में योगदान दे रहा है। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारियों और पालिका कर्मियों की दिन-रात की मेहनत के बिना स्वच्छ एवं सुंदर आसींद की कल्पना संभव नहीं है। इनके समर्पण और परिश्रम से ही शहर की पहचान बनती है।

इस दौरान सफाई मित्रों सहित नगर पालिका के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दीपावली की मिठाई भेंट कर शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही सभी के उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना की गई।

नगर पालिका की ओर से आसींद के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए भी मिठाई भिजवाई गई। जनप्रतिनिधियों ने स्वयं विभिन्न कार्यालयों में पहुंचकर मिठाई वितरित की और कर्मचारियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। इस पहल से शहर में आपसी भाईचारे, सम्मान और सौहार्द का संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में अधिशासी अधिकारी (ईओ) प्रवीण कुमार मीणा, जेईएन राजमल गुर्जर, नगर पालिका के सभी 25 पार्षद, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में सफाई मित्र उपस्थित रहे।

समारोह के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि शहर की स्वच्छता और सुंदरता के असली नायक सफाई मित्र हैं, जिनकी मेहनत से आसींद प्रतिदिन स्वच्छ और व्यवस्थित नजर आता है।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!