Ad imageAd image

भीलवाड़ा में समग्र शिक्षा के कनिष्ठ अभियंता के दलाल को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार

Harshraj Singh Gour
3 Min Read

भीलवाड़ा = भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी चौकी भीलवाड़ा-प्रथम द्वारा आज कार्यवाही करते हुए कार्यालय अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक, समग्र शिक्षा, भीलवाड़ा में पदस्थापित कनिष्ठ अभियंता श्री अनिल भट्ट (संविदाकर्मी) के दलाल श्री श्रेणीक चौधरी को 50,000 रुपये की रिश्वत राशि लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया।

भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस श्री गोविन्द गुप्ता ने बताया कि एसीबी चौकी भीलवाड़ा-प्रथम को परिवादी द्वारा  शिकायत दी गई कि उसकी फर्म द्वारा रायपुर पंचायत ब्लॉक में करवाए गए सिविल कार्यों के प्रथम रनिंग बिल, जिसकी राशि 8,82,647 रुपये है, को पास करने की एवज में कनिष्ठ अभियंता श्री अनिल भट्ट द्वारा अपने दलाल श्री श्रेणीक चौधरी के माध्यम से 50,000 रुपये रिश्वत एवं 10,000 रुपये टेस्टिंग के लिए अलग से मांगे जा रहे हैं।

उक्त शिकायत पर एसीबी द्वारा रिश्वत मांग का सत्यापन करवाया गया। सत्यापन के दौरान कनिष्ठ अभियंता श्री अनिल भट्ट द्वारा 50,000 रुपये की रिश्वत राशि अपने दलाल श्री श्रेणीक चौधरी को दिए जाने के लिए कहा जाना पाया गया।
अजमेर रेंज के उप महानिरीक्षक पुलिस, श्री नारायण टोगस के सुपरविजन में एसीबी चौकी भीलवाड़ा-प्रथम के श्री पारसमल, उप अधीक्षक पुलिस के नेतृत्व में ट्रैप कार्यवाही की गई। इस दौरान आरोपी श्री श्रेणीक चौधरी को परिवादी से गर्ग पेट्रोल पंप, रेलवे फाटक के पास, भीलवाड़ा में अपनी स्विफ्ट कार  में बैठकर 50,000 रुपये की रिश्वत राशि ग्रहण करते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया। एसीबी टीम द्वारा रिश्वत राशि बरामद कर ली गई, जिसमें 10,000 रुपये भारतीय चलन मुद्रा तथा 40,000 रुपये डमी करेंसी शामिल है।

एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस श्रीमती स्मिता श्रीवास्तव  एवं महानिरीक्षक पुलिस श्रीमती एस परिमला  के सुपरविजन में आरोपी से पूछताछ एवं अग्रिम कार्यवाही जारी है। प्रकरण में कनिष्ठ अभियंता श्री अनिल भट्ट की भूमिका के संबंध में भी जांच की जा रही है। एसीबी द्वारा मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के अंतर्गत प्रकरण दर्ज कर अग्रिम अनुसंधान किया जाएगा।


किसी व्यक्ति के विरुद्ध भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो में प्रकरण दर्ज होने की जानकारी मिले, तो प्रकरण की वस्तुस्थिति एवं उपलब्ध तथ्यों की जानकारी हेतु भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो की निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार औपचारिक रूप से सीधे संपर्क कर अपना पक्ष / स्पष्टीकरण प्रस्तुत कर सकता है। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो द्वारा दोष सिद्ध होने से पूर्व, तथ्यों एवं प्रस्तुत स्पष्टीकरण का परीक्षण कर नियमानुसार ही अग्रिम कार्रवाई की जाती है।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!