Ad imageAd image

वयोवृद्ध शिक्षाविद् एवं मनीषी चिन्तक श्री हीरालाल जैन साहब से अविस्मरणीय आत्मीय चर्चा, इतिहास के कई अनछुए पहलुओं और रहस्यों का उद्घाटन

Mahesh Puri
7 Min Read

आवाज राजस्थान की विषेश कवरेज
ब्युरो रिपोर्ट धर्मेंद्र कुमार सोनी बांसवाड़ा
लेखक डाक्टर दिपक आचार्य
– सार्थक संवाद -> > >


वागड़ अंचल में समाज-जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में कई विभूतियां हैं जिनके कर्मयोग, सामाजिक अवदान और आंचलिक गौरव भरी उपलब्धियों से वर्तमान पीढ़ी अनभिज्ञ है।
इन हस्तियों के पास ज्ञान और अनुभवों का अखूट भण्डार है, सीख और सबक से भरे कई उपदेश और सलाह हैं, जिनकी जानकारी होना और लाभ लेना हम पर निर्भर है।
वागड़ विभूतियों की इसी सुदीर्घ परम्परा और श्रृंखला में श्री हीरालाल जैन (कलिंजरा निवासी) अग्रगण्य हैं, जिनके कर्मयोग से कोई सा रचनात्मक कर्मक्षेत्र अछूता नहीं रहा।
शिक्षा, समाजसेवा, धर्म-कर्म, चिन्तन, लेखन, सामाजिक एवं राष्ट्रीय सरोकारों से जुड़े आयोजनों से लेकर आंचलिक गतिविधियों में उनका सदैव उल्लेखनीय एवं उत्कृष्ट योगदान रहा है।
बांसवाड़ा प्रवास के दौरान् यहां शारदा कॉलोनी में उनके सान्निध्य में प्रबुद्धजनों की #संगोष्ठी में वागड़ के इतिहास और व्यक्तित्वों के जीवन की कई ऐसी रोचक एवं रोमांचकारी घटनाओं को पहली बार उनके श्रीमुख से सुनकर आनन्द ही आ गया। 86 वर्षीय श्री जैन साहब अपने आप में पूरा और अक्षय महाकोष ही हैं, मन करता है कि उनसे सुनते ही रहें।
इस दौरान् लेखा सेवा, #धर्म-कर्म, #पेंशन कल्याण और समाजसेवा जगत की वयोवृद्ध हस्ती के रूप में प्रसिद्ध पं. नरहरिकान्त एच. भट्ट एवं जाने-माने प्रयोगधर्मा कवि, मनीषी साहित्य चिन्तक अग्रज श्री हरीश आचार्य जी, युवा तुर्क श्री गौरव भट्ट एवं श्री अनिल भट्ट आदि ने भी चर्चाओं में हिस्सा लेते हुए अपने सारगर्भित विचारों से लाभान्वित किया।
संगोष्ठी में वागड़ के #इतिहास, साहित्य, संस्कृति और सामाजिक जीवन से जुड़े महत्त्वपूर्ण विषयों पर सार्थक चिन्तन के साथ क्षेत्र की बौद्धिक एवं रचनात्मक विरासत के संरक्षण की आवश्यकता प्रमुखता से उभरकर सामने आई। इसके लिए संकल्पबद्ध होकर काम करने का प्रण किया गया।
वयोवृद्ध शिक्षाविद्, मनीषी साहित्यकार एवं सामाजिक चिन्तक श्री हीरालाल जैन का कहना था कि वागड़ के इतिहास, साहित्य, संस्कृति, सामाजिक परिवर्तनों और क्षेत्र की विशिष्ट विभूतियों के योगदान को संरक्षित एवं दस्तावेजीकृत करने के लिए बुद्धिजीवियों, साहित्यकारों और प्रबुद्धजनों को सामूहिक पहल से आगे आना चाहिए।
उनका स्पष्ट मत था कि वागड़ के अतीत और वर्तमान से जुड़े अनेक ऐसे प्रसंग, व्यक्तित्व तथा घटनाएं हैं, जो व्यापक समाज के सामने अब तक पर्याप्त रूप से नहीं आ पाए हैं।
इनके व्यवस्थित लेखन, प्रकाशन और प्रचार-प्रसार की महती आवश्यकता है। ऐसा होने पर ही वर्तमान और भावी पीढ़ियां वागड़ के गौरव, गरिमा और गर्व भरी परम्पराओं से रूबरू होने का अवसर पा सकेंगे। अन्यथा यह सब कुछ इतिहास की चट्टानों के भीतर दबकर पुराने युगों में खो जाएगा।
उन्होंने वागड़ के परम्परागत इतिहास, निकट अतीत की महत्त्वपूर्ण घटनाओं, विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली विभूतियों के कर्मयोग तथा लोक साहित्य के संरक्षण पर विशेष बल दिया।
उनका कहना था कि क्षेत्र की ऐतिहासिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विरासत को केवल मौखिक स्मृतियों तक सीमित नहीं रखा जाना चाहिए, बल्कि उसका प्रामाणिक लेखन, दस्तावेजीकरण, प्रकाशन और व्यापक प्रचार-प्रसार होना चाहिए, ताकि आने वाली पीढ़ियां अपनी जड़ों, परम्पराओं और गौरवशाली विरासत से परिचित हो सकें।
संगोष्ठी में क्षेत्र के वयोवृद्ध एवं निरन्तर सक्रिय साहित्यकार, प्रयोगधर्मी कवि एवं शिक्षाविद् श्री हरीश आचार्य तथा आध्यात्मिक चिन्तक एवं लेखा विधाओं के विशेषज्ञ पं. नरहरिकान्त एच. भट्ट ने उपरणा एवं शॉल ओढ़ाकर श्री जैन का अभिनन्दन किया और सामाजिक, धार्मिक, साहित्यिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में उनकी दशकों से चली आ रही सक्रिय भागीदारी तथा चिन्तनपरक लेखन को अनुकरणीय बताते हुए उनके बहुआयामी व्यक्तित्व एवं योगदान की सराहना की।
अपने विस्तृत उद्बोधन में श्री जैन ने बांसवाड़ा के इतिहास, यहां की विशिष्ट विभूतियों के कर्मयोग, बीते दशकों की महत्त्वपूर्ण एवं अविस्मरणीय घटनाओं तथा सामाजिक, साहित्यिक और सांस्कृतिक जीवन से जुड़े अनेक रोचक संस्मरण साझा किए।
उन्होंने अपने दीर्घ अनुभवों के आधार पर ढाई से तीन घंटे तक चले व्याख्यान में कई ऐसे प्रसंगों और घटनाओं का उल्लेख किया, जिनसे जिज्ञासुओं को वागड़ के अतीत और क्षेत्र की विविध गतिविधियों से जुड़ी नई जानकारियां साझा कीं।
उनके संस्मरणों में ऐतिहासिक घटनाओं के साथ-साथ विभिन्न क्षेत्रों की प्रमुख हस्तियों के साथ बिताए गए अविस्मरणीय क्षणों की जो झलक भी देखने को मिली, उसने मंत्र मुग्ध कर दिया।
श्री जैन ने अपनी विशिष्ट डायरी लेखन परम्परा से भी परिचित कराया। उन्होंने हाल ही में लिखे गए डायरी के कुछ चुनिन्दा अंशों का वाचन कर उपस्थितजनों को अपने अनुभवों और लेखकीय संसार से जोड़ा।
इस अवसर पर उनकी रचनाओं पर आधारित गीतों तथा अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियों के फिल्मांकित अंश भी प्रदर्शित किए गए, जिन्हें उपस्थितजनों ने रुचि के साथ देखा।
वरिष्ठ साहित्यकार एवं शिक्षाविद् श्री हरीश आचार्य ने अपने उद्बोधन में श्री जैन के कार्यकाल में आयोजित विभिन्न रचनात्मक एवं साहित्यिक आयोजनों का उल्लेख करते हुए बांसवाड़ा में हुए रचनात्मक आन्दोलनों और साहित्यिक गतिविधियों में उनकी महत्त्वपूर्ण भूमिका को रेखांकित किया।
उन्होंने कहा कि श्री जैन का योगदान केवल व्यक्तिगत लेखन तक सीमित नहीं रहा, बल्कि उन्होंने विभिन्न रचनात्मक गतिविधियों को प्रोत्साहित करने और साहित्यिक चेतना को विस्तार देने में भी उल्लेखनीय भूमिका निभाई है।
इस अवसर पर उन्होंने श्री जैन के सम्मान में काव्य पंक्तियां प्रस्तुत कर उपस्थितजनों को भावविभोर कर दिया।
वयोवृद्ध आध्यात्मिक चिन्तक एवं लेखा विधाओं के विशेषज्ञ पं. नरहरिकान्त एच. भट्ट ने श्री जैन के व्यक्तित्व और कृतित्व के अनेक अनछुए पहलुओं पर प्रकाश डाला और उन्हें ऊर्जावान, प्रेरणादायी और बहुआयामी व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि उनकी सक्रियता, अनुभव और सतत् सृजनशीलता युवा पीढ़ी के साथ-साथ वरिष्ठजनों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि जीवन के हर पड़ाव पर सक्रिय रहकर समाज और साहित्य के लिए योगदान देते रहना अपने आप में अनुकरणीय उदाहरण है।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!