Ad imageAd image

डूँडलोद व झुंझुनूं में खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा एक्शन, 50 किलो बदबूदार मावा-मिठाई सहित भारी मात्रा में एक्सपायरी सामान नष्ट

Mahesh Puri
3 Min Read

डॉ सीएम भारद्वाज


झुंझुनूं/डूँडलोद। राज्य सरकार के ‘शुद्ध आहार मिलावट पर वार’ अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने डूँडलोद एवं झुंझुनूं शहर में विभिन्न प्रतिष्ठानों पर आकस्मिक निरीक्षण कर मिलावटी एवं अवधिपार खाद्य सामग्री के खिलाफ कार्रवाई की। सीएमएचओ डॉ. छोटेलाल गुर्जर के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. दीपेंद्र सिंह शेखावत एवं डॉ. विकास शर्मा के नेतृत्व में की गई कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में खाद्य सामग्री मौके पर ही नष्ट करवाई गई।
डूँडलोद में 50 किलो बदबूदार मावा-मिठाई नष्ट
डूँडलोद स्थित एक प्रतिष्ठान के निरीक्षण के दौरान करीब 50 किलोग्राम अत्यंत बदबूदार मिठाई एवं मावा मिला। टीम ने इसे स्वास्थ्य के लिए हानिकारक मानते हुए मौके पर ही नष्ट करवा दिया। इसके साथ ही प्रतिष्ठान पर तैयार किए जा रहे पेड़ों के नमूने लेकर जांच के लिए राज्य प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
प्रतिष्ठान में साफ-सफाई एवं रखरखाव की गंभीर कमियां मिलने पर संचालक को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSS Act) की धारा 32 के तहत सुधार नोटिस जारी किया गया। प्रतिष्ठान संचालक को कमियां दूर करने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। निर्धारित अवधि में सुधार नहीं होने पर नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
झुंझुनूं में एक्सपायरी खाद्य सामग्री जब्त कर नष्ट करवाई
अभियान के तहत झुंझुनूं शहर के एक अन्य प्रतिष्ठान पर भी निरीक्षण किया गया। यहां जांच के दौरान बड़ी मात्रा में अवधिपार खाद्य सामग्री मिली, जिसे टीम ने जब्त कर मौके पर ही नष्ट करवा दिया।
नष्ट करवाई गई सामग्री में करीब 10 किलो ड्राई फ्रूट्स, 15 किलो देसी खांड, 10 लीटर ऑरेंज क्रश तथा 10 लीटर फ्रूट पाउडर शामिल हैं। इसके अलावा मिलावट की आशंका पर प्रतिष्ठान से दो संदिग्ध खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
*खाद्य सामग्री खरीदते समय लेबल जरूर पढ़ें*
सीएमएचओ डॉ गुर्जर ने आमजन से अपील की है कि बाजार से खाद्य सामग्री एवं पैक्ड उत्पाद खरीदते समय उनके लेबल की अच्छी तरह जांच करें। विशेष रूप से निर्माण तिथि, एक्सपायरी अथवा यूज बाय डेट, अधिकतम खुदरा मूल्य (MRP), पोषक तत्वों की जानकारी तथा एलर्जन संबंधी चेतावनी अवश्य देखें।
अधिकारियों ने कहा कि जागरूक उपभोक्ता बनकर ही खाद्य मिलावट एवं अवधिपार सामग्री से होने वाले स्वास्थ्य नुकसान से बचा जा सकता है।
मिलावटखोरों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. दीपेंद्र सिंह शेखावत ने स्पष्ट किया कि आमजन के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले खाद्य कारोबारियों के खिलाफ अभियान के तहत सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं शुद्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिष्ठानों का नियमित निरीक्षण किया जाएगा।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!