रिपोर्टर -राकेश अग्रवाल
सवाई माधोपुर,। युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के मेरा युवा भारत केंद्र के तत्वावधान में “विकसित भारत युवा संवाद-अपना वोट जाने” थीम पर राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज सवाई माधोपुर में कार्यक्रम आयोजित हुआ।
कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर की गई स इस अवसर पर युवा आइकन चेतन शर्मा ने विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया एवं मतदाता सूची के महत्व पर प्रस्तुतीकरण दिया। युवाओं को मतदाता अधिकारों, लोकतांत्रिक प्रक्रिया एवं जिम्मेदार नागरिकता के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम में समाजसेवी सुरेश जैन ने संवाद करते हुए युवाओं के प्रधानमंत्री के विकसित भारत @2047 के विजन के साथ चलने के लिए प्रेरित किया। अतिथियों ने युवाओं से संवाद में उनके प्रश्नों, आकांक्षाओं एवं अपेक्षाओं को मद्देनजर रखते हुए उत्तर दिए। कार्यक्रम में युवा समाजसेवी मुरली गौतम ने संवाद करते हुए सोशल मीडिया पर प्रसारित सूचनाओं की सत्यता की जांच करने एवं भ्रामक जानकारी से बचने के संबंध में जागरूकता गतिविधि में भाग लिया।
कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित योग प्रशिक्षक रजत भारद्वाज ने युवाओं को योग को अपने जीवन शैली का हिस्सा बनाने पर जोर देते हुए अपने अनुभव साझा किए। इस दौरान प्रतिभागियों ने लोकतांत्रिक शपथ ली तथा युवाओं द्वारा राष्ट्र के निर्माण में उनकी ओर से योगदान देने पर विचार रखे गए। जिला युवा अधिकारी हर्षित खंडेलवाल ने युवाओं को माय भारत पोर्टल के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
आयोजन मे कॉलेज के प्राचार्य मनोज सोनी ने धन्यवाद ज्ञापन किया एवं अतिथियों का मोमेंटो देकर आभार प्रकट किया। मंच का संचालन पॉलिटेक्निक कॉलेज की व्याख्याता प्रिय मित्तल ने किया इस दौरान मेरा युवा भारत केंद्र के अनुभव सेन, हेमंत शर्मा, राजेश गुर्जर, वंदना संगत सहित सैकड़ो युवा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं में मतदाता जागरूकता, संवैधानिक मूल्यों, लोकतांत्रिक भागीदारी एवं जिम्मेदार नागरिकता की भावना विकसित करना तथा उन्हें ’विकसित भारत @2047’ के संकल्प से जोड़ना रहा।


