Ad imageAd image

25 साल की अदिति बनीं सरपंच, जीत के साथ गांव के विकास का लिया संकल्प,
506 वोटों से दर्ज की जीत

Mahesh Puri
3 Min Read

डॉ. सीएम भारद्वाज (चिड़ावा)


चिड़ावा। – कम उम्र में बड़ी जिम्मेदारी संभालने के साथ जनसेवा की मिसाल पेश करते हुए 25 वर्षीय अदिति ने सिंघाना पंचायत समिति की ढाढ़ोत कलां ग्राम पंचायत में सरपंच पद पर जीत हासिल की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 506 मतों के अंतर से हराकर शानदार सफलता दर्ज की। चुनाव जीतने के साथ ही अदिति ने गांव के विकास को लेकर अपनी प्राथमिकताएं भी स्पष्ट कर दी हैं।
अदिति ने सरपंच बनने के बाद पंचायत को एक ट्रैक्टर और पानी का टैंकर दान किया है। उनका उद्देश्य गांव के प्रत्येक घर तक निशुल्क पानी पहुंचाना है, ताकि ग्रामीणों को पेयजल की समस्या से राहत मिल सके। उनकी इस पहल को गांव के विकास और जनसेवा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
अदिति का कहना है कि ग्राम पंचायत को भ्रष्टाचार मुक्त बनाना, पारदर्शी व्यवस्था कायम करना और सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता रहेगी। गांव में विकास कार्यों को गति देने, मूलभूत सुविधाओं का विस्तार करने और आमजन की समस्याओं का समय पर समाधान करने के लिए वे प्रयासरत रहेंगी।
ससुर कृष्ण कुमार शर्मा की प्रेरणा और ग्रामीणों के विश्वास से मिली जीत——-
अदिति के सरपंच बनने के पीछे उनके ससुर कृष्ण कुमार शर्मा की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। कृष्ण कुमार शर्मा की प्रेरणा और प्रोत्साहन से ही अदिति ने पंचायत चुनाव लड़ने का निर्णय लिया। गांव में कृष्ण कुमार शर्मा की अच्छी प्रतिष्ठा और सामाजिक संबंधों के चलते ग्रामीणों का उन्हें भरपूर समर्थन मिला। ग्रामीणों ने एकजुट होकर अदिति के पक्ष में मतदान किया और उन्हें 506 मतों के भारी अंतर से विजयी बनाया। अदिति की इस जीत को परिवार के प्रति ग्रामीणों के विश्वास, सामाजिक सद्भाव और विकास की उम्मीदों से जोड़कर देखा जा रहा है।
युवाओं के लिए बनीं प्रेरणा——
महज 25 वर्ष की उम्र में सरपंच बनना अदिति के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उनकी जीत ने ग्रामीण नेतृत्व में युवाओं की भागीदारी का संदेश दिया है। वहीं, चुनाव जीतने के बाद पंचायत को ट्रैक्टर और पानी का टैंकर दान करने की पहल ने उनके विकास और जनसेवा के संकल्प को भी सामने रखा है। अब ग्रामीणों को उम्मीद है कि अदिति के नेतृत्व में ढाढ़ोत कलां ग्राम पंचायत में विकास को नई दिशा मिलेगी तथा पेयजल सहित बुनियादी समस्याओं का समाधान होगा।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!