चंद्र पचरंगिया
झुंझुनूं। त्योहारी सीजन में आमजन को शुद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से खाद्य सुरक्षा विभाग की ओर से जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। अभिहित अधिकारी डॉ. छोटेलाल गुर्जर के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने विभिन्न कस्बों में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. निक्की चौधरी, महेंद्र चतुर्वेदी, विनोद कुमारी और नेमीचंद मीणा ने मंडावा, बिसाऊ, पिलानी, झुंझुनूं, सिंघाना और चिड़ावा में निरीक्षण किया। इस दौरान मावा, घी, खाद्य तेल, सूजी एवं सूखे मेवों सहित विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
चिड़ावा की मिठाई दुकानों से लिए मावे के नमूने
चिड़ावा में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने शहर की प्रतिष्ठित मिठाई दुकानों का निरीक्षण कर मावे के नमूने लिए। इन नमूनों को गुणवत्ता और शुद्धता की जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। वहीं झुंझुनूं में भी मावे के नमूने लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं।
सिंघाना में 40 किलो खराब मिठाइयां नष्ट
अभियान के दौरान सिंघाना में जांच के समय करीब 40 किलो खराब मिठाइयां मिलीं, जिन्हें मौके पर ही नष्ट करवाया गया। विभागीय टीम ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता बनाए रखने और प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
त्योहारी सीजन तक जारी रहेगा अभियान
खाद्य सुरक्षा विभाग के अनुसार त्योहारी सीजन को देखते हुए जिलेभर में विशेष जांच अभियान लगातार जारी रहेगा। इस दौरान मिठाई की दुकानों सहित अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए जाएंगे। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
त्योहारी सीजन में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, 40 किलो खराब मिठाइयां नष्ट
चिड़ावा की प्रतिष्ठित मिठाई दुकानों से मावे के नमूने लिए, मंडावा, बिसाऊ, पिलानी सहित कई कस्बों में चला जांच अभियान
Leave a comment
Leave a comment


