Ad imageAd image

खैरथल-तिजारा में खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, 625 किलो दूषित खाद्य सामग्री नष्ट

Awaaz Rajasthan
2 Min Read
Oplus_131072

अलवर = खैरथल-तिजारा जिले में आमजन के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। बूढ़ी बावल के मुख्य बाजार स्थित एक गोदाम पर छापेमारी के दौरान टीम को भारी मात्रा में दूषित खाद्य सामग्री मिली। मौके से करीब 425 किलो कलाकंद, 150 किलो मिश्रित दूध और 50 किलो फफूंद लगी क्रीम बरामद की गई। खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने कुल 625 किलो खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट करवा दिया।

जिला कलेक्टर अतुल प्रकाश एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की। नोडल अधिकारी हेमंत यादव ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर बूढ़ी बावल के मुख्य बाजार में मैसर्स लीलाराम एवं विकास, निवासी ग्राम मोठूका, किशनगढ़बास के गोदाम का निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान गोदाम में साफ-सफाई की भारी कमी पाई गई। हलवाइयों द्वारा तैयार किए जा रहे कलाकंद में मरी हुई मक्खियां और फफूंद मिली। इसके अलावा गोदाम में फफूंद लगी क्रीम और करीब 150 किलो खट्टा दूध भी बरामद हुआ। खाद्य पदार्थों की खराब स्थिति को देखते हुए विभाग ने तत्काल कार्रवाई करते हुए पूरी सामग्री नष्ट करवा दी।

प्रयोगशाला रिपोर्ट के बाद होगी कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खाद्य पदार्थों के लीगल नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे हैं। नोडल अधिकारी ने स्पष्ट किया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

इस कार्रवाई के दौरान खाद्य सुरक्षा अधिकारी बबीता, मनीष शर्मा और सुरेंद्र यादव सहित विभागीय टीम मौजूद रही। विभाग की इस कार्रवाई से मिलावटखोरों और दूषित खाद्य सामग्री बेचने वालों में हड़कंप मच गया।

आमजन से अपील: खाद्य पदार्थ खरीदते समय उनकी गुणवत्ता और शुद्धता का विशेष ध्यान रखें। संदिग्ध या खराब खाद्य सामग्री मिलने पर संबंधित विभाग को सूचना दें।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!