Ad imageAd image

विधिक जागरूकता शिविर में विद्यार्थियों को बाल संरक्षण एवं साइबर अपराधों के प्रति जागरूक किया

Mahesh Puri
4 Min Read

रिपोर्टर – राकेश अग्रवाल

सवाई माधोपुर, 4 नवम्बर। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सवाई माधोपुर की सचिव समीक्षा गौतम द्वारा बुधवार को गुलशन कॉलेज ऑफ नर्सिंग सवाई माधोपुर में विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के दौरान सचिव समीक्षा गौतम ने विद्यार्थियों से संवाद किया। विद्यार्थियों द्वारा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012 (पोक्सो अधिनियम), साइबर अपराधों की रोकथाम, बालकों के अधिकारों, बाल संरक्षण, बालश्रम तथा चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विधिक प्रावधानों के संबंध प्रश्न पूछे। सचिव समीक्षा गौतम ने विद्यार्थियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उनके प्रश्नों का सरल, सहज एवं विधिसम्मत तरीके से उत्तर दिया।
शिविर के दौरान पैनल अधिवक्ता अभय कुमार गुप्ता एवं बृजेन्द्र विजयवर्गीय द्वारा पोक्सो अधिनियम 2012 के प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए बालकों के विरुद्ध होने वाले लैंगिक अपराधों की रोकथाम, पीड़ित बालकों के संरक्षण, शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया तथा अधिनियम के अंतर्गत उपलब्ध विधिक संरक्षण एवं अधिकारों के संबंध में जानकारी दी गई। उन्होंने विद्यार्थियों को बालकों के प्रति किसी भी प्रकार के शोषण अथवा उत्पीड़न की स्थिति में सजग रहने तथा तत्काल संबंधित प्राधिकरण को सूचित करने के लिए प्रेरित किया।
अधिवक्ता वीरेन्द्र कुमार वर्मा द्वारा नालसा (बच्चों को मैत्रीपूर्ण विधिक सेवाएं) योजना 2024 के संबंध में जानकारी प्रदान करते हुए बताया कि इस योजना का उद्देश्य बच्चों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करना, उन्हें सुलभ एवं प्रभावी विधिक सहायता उपलब्ध करवाना तथा बाल हितों के संरक्षण हेतु संवेदनशील एवं बाल मैत्रीपूर्ण विधिक व्यवस्था सुनिश्चित करना है।
साइबर थाने के कांस्टेबल महेश चौधरी द्वारा वर्तमान समय में बढ़ते साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों, ऑनलाइन धोखाधड़ी, साइबर ठगी, सोशल मीडिया के दुरुपयोग, फर्जी लिंक एवं संदिग्ध कॉल के माध्यम से होने वाले अपराधों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने साइबर अपराधों से बचाव के उपायों, साइबर सुरक्षा से संबंधित उपयोगी मोबाइल एप्लीकेशन संचार साथी, चक्षु, डिजीलोकर तथा साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के माध्यम से शिकायत दर्ज करवाने की प्रक्रिया के बारे में बताया। साथ ही विद्यार्थियों को अपनी व्यक्तिगत एवं बैंकिंग संबंधी जानकारी किसी अनजान व्यक्ति के साथ साझा नहीं करने तथा इंटरनेट का सुरक्षित एवं सतर्कतापूर्वक उपयोग करने की सलाह दी।
चाइल्ड हेल्पलाइन से उपस्थित सुपरवाईजर हनुमान सैनी एवं मीना कुमारी द्वारा बालश्रम की रोकथाम, बालकों के मौलिक एवं विधिक अधिकारों, बाल संरक्षण से संबंधित प्रावधानों तथा चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 की उपयोगिता के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। उन्होंने बताया कि संकटग्रस्त, शोषित, उपेक्षित अथवा संरक्षण एवं सहायता की आवश्यकता वाले बच्चों के लिए चाइल्ड हेल्पलाइन एक महत्वपूर्ण सहायता माध्यम है। उन्होंने बालश्रम जैसी सामाजिक कुरीति के उन्मूलन तथा बच्चों को सुरक्षित एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध करवाने में समाज की सामूहिक भूमिका पर भी जोर दिया।
इस दौरान गुलशन कॉलेज ऑफ नर्सिंग के संचालक अजीजुद्दीन आजाद ने भी उपस्थित विद्यार्थियों को किसी भी प्रकार के अपराध, शोषण अथवा बाल अधिकारों के उल्लंघन की जानकारी मिलने पर संबंधित विभाग एवं हेल्पलाइन के माध्यम से तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

आवाज राजस्थान

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!