चंद्र पचरंगिया
झुंझुनूं । सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग की सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत सभी पेंशनर्स के लिए वर्ष 2027 का वार्षिक भौतिक सत्यापन करवाना अनिवार्य कर दिया गया है। विभाग की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार सत्यापन प्रक्रिया 1 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। झुंझुनूं जिले में वर्तमान में करीब 2,80,806 पेंशनर्स पंजीकृत हैं।
विभाग के उप निदेशक अरविंद ओला ने बताया कि विभागीय नियमानुसार प्रत्येक पेंशनर को साल में एक बार अपना वार्षिक भौतिक सत्यापन करवाना आवश्यक है। निर्धारित समय पर सत्यापन नहीं करवाने की स्थिति में पेंशन राशि का भुगतान प्रभावित या बाधित हो सकता है। ऐसे में पेंशन का नियमित लाभ जारी रखने के लिए सभी पेंशनर्स से जल्द से जल्द सत्यापन करवाने की अपील की गई है।
ई-मित्र केंद्र पर बायोमेट्रिक से होगा सत्यापन
पेंशनर्स अपने नजदीकी ई-मित्र केंद्र पर जाकर अंगूठे के निशान सहित बायोमेट्रिक प्रक्रिया के माध्यम से वार्षिक भौतिक सत्यापन करवा सकते हैं।
मोबाइल ऐप से घर बैठे कर सकेंगे सत्यापन
पेंशनर्स घर बैठे अपने मोबाइल में Rajssp Mobile App के माध्यम से फेस रिकॉग्निशन यानी चेहरे की पहचान द्वारा भी वार्षिक सत्यापन कर सकते हैं। इससे उन्हें सत्यापन के लिए ई-मित्र केंद्र जाने की आवश्यकता नहीं होगी।
बायोमेट्रिक या फेस रिकॉग्निशन नहीं होने पर यह है विकल्प
यदि किसी पेंशनर का बायोमेट्रिक या फेस रिकॉग्निशन के माध्यम से सत्यापन नहीं हो पाता है, तो ग्रामीण क्षेत्र के पेंशनर विकास अधिकारी तथा शहरी क्षेत्र के पेंशनर उपखंड अधिकारी (एसडीओ) कार्यालय में जाकर सत्यापन करवा सकते हैं। इसके लिए पीपीओ में पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी का उपयोग किया जा सकेगा। इसके अलावा आधार से जुड़े मोबाइल नंबर पर ओटीपी के माध्यम से भी सत्यापन का प्रावधान है।
मोबाइल नंबर अपडेट करवाने की सलाह
विभाग ने ऐसे पेंशनर्स, जिनके आधार या जनआधार कार्ड में मोबाइल नंबर अपडेट नहीं है, उन्हें पहले नजदीकी ई-मित्र केंद्र पर जाकर अपना मोबाइल नंबर दर्ज करवाने की सलाह दी है। इसके बाद वार्षिक भौतिक सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करवाएं, ताकि पेंशन भुगतान में किसी प्रकार की परेशानी नहीं आए।


