उमाशंकर शर्मा, टोडारायसिंह।
टोडारायसिंह उपखंड के मोर थाना क्षेत्र में चोरी की घटनाओं पर अंकुश नहीं लग पा रहा है। अब चोरों ने विद्युत विभाग की लाइन को निशाना बनाना शुरू कर दिया है। ताजा मामले में अज्ञात चोर कूकड़ गांव के पास 33 केवी विद्युत लाइन से करीब 800 मीटर तार चोरी कर ले गए। चोरों ने एक-दो नहीं, बल्कि 15 विद्युत खंभों से तार खोलकर वारदात को अंजाम दिया।
जानकारी के अनुसार 1 नवंबर की मध्यरात्रि को बावड़ी-मांदोलाई जीएसएस के बीच से गुजर रही 33 केवी विद्युत लाइन से चोरों ने तार चोरी कर लिए। सुबह घटना का पता चलने पर विद्युत विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों में खलबली मच गई। मौके पर पहुंचकर जांच की गई तो 15 विद्युत पोलों से तार गायब मिले।
घटना को लेकर कनिष्ठ अभियंता राजूराम भटेसर ने मोर थाने में अज्ञात चोरों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
लगातार वारदातों से ग्रामीणों में आक्रोश
गौरतलब है कि मोर थाना क्षेत्र में पिछले कुछ समय से चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इसके बावजूद पूर्व की वारदातों का खुलासा नहीं होने से क्षेत्रवासियों में पुलिस की गश्त और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर नाराजगी है। अब विद्युत लाइन से इतनी बड़ी मात्रा में तार चोरी होने के बाद ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। क्षेत्रवासियों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरी की वारदातों में शामिल आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है।
मोर थाना क्षेत्र में चोरों ने विद्युत लाइन को बनाया निशाना, 15 खंभों से 800 मीटर तार चोरी
कूकड़ गांव के पास 33 केवी लाइन से तार समेट ले गए चोर, लगातार हो रही वारदातों से ग्रामीणों में दहशत
Leave a comment
Leave a comment


