शाहपुरा = अब खेल का मैदान केवल बच्चों और युवाओं तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग भी मैदान में उतरकर अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना ‘खेलो राजस्थान-2026’ के तहत 10 वर्ष से लेकर 80 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों को खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने का अवसर मिलेगा।
नगर पालिका शाहपुरा की ओर से योजना की जानकारी देते हुए इसकी घोषणा की गई। नगर पालिका आयुक्त रिंकल गुप्ता ने बताया कि राज्य सरकार का उद्देश्य ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाना तथा हर आयु वर्ग के लोगों को खेलों से जोड़ना है। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
तीन चरणों में होंगी प्रतियोगिताएं
योजना के तहत खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन तीन चरणों में किया जाएगा। प्रथम चरण दिसंबर 2026 से जनवरी 2027 तक आयोजित होगा, जिसमें वॉलीबॉल, एथलेटिक्स, रस्साकशी और तीरंदाजी शामिल हैं। द्वितीय चरण अप्रैल-मई 2027 में होगा, जिसमें कबड्डी, फुटबॉल, जूडो और शूटिंग की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। वहीं तृतीय चरण अगस्त-सितंबर 2027 में खो-खो, कुश्ती, बास्केटबॉल और तैराकी के मुकाबले होंगे।
ग्राम पंचायत से राज्य स्तर तक होंगे मुकाबले
प्रतियोगिताओं की शुरुआत ग्राम पंचायत स्तर से होगी, जहां 26 दिनों तक मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद ब्लॉक स्तर पर 10 दिन तक प्रतियोगिताएं होंगी। अंत में जिला एवं राज्य स्तर पर फाइनल मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इससे गांवों और शहरों की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
खेल मैदानों की व्यवस्था के निर्देश
नगर पालिका के अनुसार योजना को सफल बनाने के लिए संबंधित विभागों को ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में खेल मैदानों का चिन्हीकरण करने, प्रचार-प्रसार बढ़ाने और खिलाड़ियों के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
ऑनलाइन पंजीकरण से ले सकेंगे भाग
खेल प्रतियोगिताओं में भाग लेने के इच्छुक प्रतिभागियों को राज्य सरकार के निर्धारित खेल पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण करवाना होगा। योजना के माध्यम से हर उम्र के लोगों को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने और नई खेल प्रतिभाओं को मंच देने का प्रयास किया जा रहा है।
अब देखना होगा कि शाहपुरा में इस खेल महाकुंभ के तहत कितने युवा, बच्चे और बुजुर्ग मैदान में उतरकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करते हैं।
शाहपुरा में 10 से 80 साल तक के बुजुर्ग भी खेलेंगे खेल, ‘खेलो राजस्थान-2026’ में हर उम्र को मिलेगा मौका
Leave a comment
Leave a comment


