CM भारद्वाज
चिड़ावा। क्षेत्र के लाखू गांव में सरकारी आईटीआई के सामने सोमवार देर शाम मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पानी की बोतल और अन्य सामान के बकाया पैसों को लेकर हुए विवाद के बाद आरोपियों ने एक दुकान पर हमला कर दिया। आरोप है कि दो गाड़ियों में सवार होकर आए 6-7 लोगों ने दुकानदार पर सरियों से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसका सिर फट गया। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया।
पीड़ित दुकानदार विक्रम स्वामी ने पुलिस को दी जानकारी में बताया कि सोमवार शाम करीब 4 बजे लाखू निवासी विक्रम यादव उसकी दुकान पर पानी की बोतल और अन्य सामान खरीदने आया था। सामान देने के बाद जब दुकानदार ने पैसे मांगे तो आरोपी ने पैसे देने से इनकार कर दिया और गाली-गलौज करने लगा। हालांकि, उस समय आरोपी के एक साथी ने विवाद शांत कराने के लिए दुकानदार को पैसे चुका दिए थे।
शाम 7:30 बजे दो गाड़ियों में पहुंचे हमलावर
पीड़ित के अनुसार, शाम करीब 7:30 बजे विक्रम यादव अपने 6-7 अन्य साथियों के साथ दो गाड़ियों में सवार होकर दुकान पर पहुंचा। आरोप है कि हमलावरों ने बिना किसी बातचीत के दुकान के गल्ले पर बैठे विक्रम स्वामी पर सरियों से हमला कर दिया। इस दौरान दुकानदार के सिर में गंभीर चोटें आईं।
बीच-बचाव करने आए पिता और भाई से भी मारपीट
हमलावरों ने दुकान के गल्ले और काउंटर पर रखे सामान में भी तोड़फोड़ कर दी। शोर सुनकर दुकानदार के भाई मुकेश और पिता हनुमान बीच-बचाव करने पहुंचे तो आरोपियों ने उनके साथ भी मारपीट की। घटना के दौरान दुकान पर सामान खरीदने आए ग्राहकों के साथ भी धक्का-मुक्की और बदसलूकी किए जाने का आरोप है। इससे मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घायल दुकानदार अस्पताल में भर्ती, ग्रामीणों में आक्रोश
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना में घायल विक्रम स्वामी को परिजन तत्काल राजकीय उप जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
दिनदहाड़े हुई इस घटना के बाद ग्रामीणों में भारी रोष है। मामूली पैसों के विवाद में दुकान पर हमला और मारपीट की घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा बनी हुई है। पीड़ित पक्ष ने पुलिस को घटना की जानकारी दी है।



