तरनदीप सिंह टुटेजा |
ब्यावर। ब्यावर के वार्ड नंबर 15 स्थित महादेव जी की छतरी मंदिर के पीछे लंबे समय से बनी जलभराव की समस्या का आखिरकार समाधान हो गया है। यहां सीसी निर्माण कार्य करवाए जाने से वार्डवासियों, श्रद्धालुओं, साधु-संतों और व्यापारियों को बड़ी राहत मिली है।
जानकारी के अनुसार मंदिर के पीछे लंबे समय तक पानी भरा रहने से आमजन को गंदे पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ता था। इससे मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं और साधु-संतों के साथ ही अग्रसेन बाजार के व्यापारियों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। समस्या को लेकर महादेव जी की छतरी ट्रस्ट एवं अग्रसेन बाजार के व्यापारियों ने वार्ड नंबर 15 की पार्षद एवं पूर्व सभापति शशिबाला सोलंकी एडवोकेट से समाधान करवाने का आग्रह किया था।
इस पर पार्षद शशिबाला सोलंकी ने संगठन पदाधिकारी दिनेश शर्मा एवं मनीष बुरड़ के साथ चर्चा कर समस्या के स्थायी समाधान के प्रयास किए। इसके परिणामस्वरूप मंदिर के पीछे सीसी निर्माण कार्य करवाया गया, जिससे लंबे समय से चली आ रही जलभराव की समस्या से लोगों को राहत मिली है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पहले मंदिर के पीछे पानी जमा रहने से आवागमन में काफी परेशानी होती थी। अब सीसी निर्माण होने से रास्ता सुगम हो गया है। इससे आगामी दीपावली, होली एवं गणगौर जैसे प्रमुख पर्वों पर भी श्रद्धालुओं और आमजन को सुविधा मिलेगी।
इस कार्य के लिए वार्डवासी अविनाश गर्ग, राजू सोनी, रमेश अरोड़ा, सुनील बुरड़, टीकम जैन, पदम कुमुद, ग्यारसी लाल साहू, विमल गर्ग, अनिल सराफ, सुरेंद्र सिंघल एवं महादेव जी की छतरी के पुजारी विजय दाधीच ने पार्षद शशिबाला सोलंकी का आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद दिया।


