राकेश अग्रवाल
सवाई माधोपुर, 4 नवम्बर। जिले के पशुपालकों के लिए राहत भरी खबर है। अब पशुओं के बीमार होने या दुर्घटनाग्रस्त होने पर रात के समय भी उपचार के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। पशुपालन विभाग की ओर से संचालित राजकीय बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय को अब 24 घंटे खुला रखने की व्यवस्था शुरू कर दी गई है।
पशुपालन विभाग सवाई माधोपुर के संयुक्त निदेशक डॉ. राजीव गर्ग ने बताया कि पशुपालकों को समय पर बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से विभाग ने यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। नई व्यवस्था के तहत पशु चिकित्सालय में दिन और रात दोनों समय बीमार एवं दुर्घटनाग्रस्त पशुओं को आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
डॉक्टरों और स्टाफ की लगाई गई शिफ्टवार ड्यूटी
चिकित्सालय में 24 घंटे उपचार व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पशु चिकित्सकों एवं अन्य स्टाफ की शिफ्ट के अनुसार ड्यूटी निर्धारित की गई है। इससे आपातकालीन परिस्थितियों में पशुओं को समय पर चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी।
रात में भी मिल सकेगा तत्काल उपचार
अब पशुपालक किसी भी आपातकालीन स्थिति में अपने बीमार या घायल पशुओं को सीधे राजकीय बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय लेकर पहुंच सकते हैं। यहां उन्हें रात के समय भी चिकित्सकीय परामर्श और उपचार की सुविधा मिलेगी।
विभाग की इस पहल से गंभीर परिस्थितियों में पशुओं की जान बचाने में मदद मिलेगी। साथ ही पशुपालकों को होने वाले आर्थिक नुकसान में भी कमी आने की उम्मीद है। पशुपालन विभाग ने जिले के सभी पशुपालकों से अपील की है कि आवश्यकता पड़ने पर इस 24 घंटे उपलब्ध चिकित्सा सुविधा का लाभ उठाएं।
सवाई माधोपुर में पशुपालकों को बड़ी राहत: राजकीय बहुउद्देशीय पशु चिकित्सालय अब 24 घंटे खुला, रात में भी होगा पशुओं का इलाज
Leave a comment
Leave a comment


