Ad imageAd image

झुंझुनूं में तीसरे चरण के मतदान की तैयारी पूरी, 460 मतदान दल रवाना; सुरक्षा में तैनात रहेंगे 2 हजार पुलिसकर्मी
नवलगढ़, गोठड़ा, उदयपुरवाटी और गुढ़ागौड़जी पंचायत समितियों में 3 नवंबर को होगा मतदान, 4 लाख 44 हजार 465 मतदाता करेंगे मताधिकार का प्रयोग

Krishraj Singh
4 Min Read

रिपोर्टर-चंद्र पचरंगिया

झुंझुनूं।पंचायतीराज आम चुनाव 2026 के तृतीय चरण के मतदान को लेकर झुंझुनूं जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार को सेठ मोतीलाल कॉलेज से 460 मतदान दलों को मतदान सामग्री के साथ संबंधित मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया। तृतीय चरण में मंगलवार, 3 नवंबर को जिले की नवलगढ़, गोठड़ा, उदयपुरवाटी और गुढ़ागौड़जी पंचायत समितियों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के चुनाव के लिए मतदान होगा।

चारों पंचायत समितियों में जिला परिषद के 13 वार्ड और पंचायत समिति सदस्य के 74 पदों के लिए मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इन क्षेत्रों में कुल 4 लाख 44 हजार 465 मतदाता पंजीकृत हैं। मतदान के लिए 125 मतदान केंद्रों पर 460 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। चुनाव प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न करवाने के लिए 37 सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने दिए निष्पक्ष मतदान के निर्देश

जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिला कलेक्टर डॉ. अरुण गर्ग ने मतदान दलों को रवाना करते हुए सभी कार्मिकों को निष्पक्षता, पारदर्शिता और शांतिपूर्ण तरीके से मतदान संपन्न करवाने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पालना करते हुए पूरी जिम्मेदारी और सतर्कता के साथ कार्य करने की बात कही।

उन्होंने बताया कि दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। उन्हें घर से मतदान केंद्र तक लाने और वापस पहुंचाने की व्यवस्था के साथ मतदान केंद्रों पर व्हीलचेयर सहित आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।

3 नवंबर को जिला परिषद-पंचायत समिति, 5 को पंच-सरपंच चुनाव

जिला कलेक्टर ने बताया कि 3 नवंबर को चारों पंचायत समितियों में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्यों के लिए मतदान होगा। मतदान के बाद ईवीएम संबंधित पंचायत समिति मुख्यालय पर जमा करवाई जाएंगी। इसके बाद इन्हें जिला मुख्यालय स्थित संग्रहण केंद्र में पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि 4 नवंबर को सरपंच एवं पंच पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया होगी। वहीं 5 नवंबर को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक संबंधित ग्राम पंचायत स्तर पर मतदान कराया जाएगा। मतदान समाप्त होने के बाद मतगणना होगी। इसके बाद 6 नवंबर को उपसरपंच पद के लिए चुनाव संपन्न करवाया जाएगा।

2 हजार पुलिसकर्मी संभालेंगे सुरक्षा की कमान

राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से नियुक्त पर्यवेक्षक गौरव चतुर्वेदी ने मतदान दलों के कार्मिकों से पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न करवाने की अपील की।

वहीं पुलिस अधीक्षक कावेंद्र सिंह सागर ने बताया कि चुनाव के दौरान कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 2 हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इनमें पुलिस अधिकारी, आरएसी, होमगार्ड और अन्य जिलों से बुलाया गया पुलिस जाप्ता शामिल है।

संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया जाएगा। पुलिस की टीमें लगातार गश्त कर रही हैं और संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की ओर से मतदान को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त संपन्न करवाने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं। प्रशासन ने मतदाताओं से निर्भीक होकर मतदान करने और लोकतंत्र के इस महापर्व में अपनी सक्रिय भागीदारी निभाने की अपील की है।

- Advertisement -
Share This Article
Leave a comment
error: Content is protected !!