उमाशंकर शर्मा, टोडारायसिंह।
पंचायतीराज चुनाव 2026 की ड्यूटी के दौरान सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए निवाई थाने में तैनात कांस्टेबल खुशीराम सांडीवाल का उपचार के दौरान निधन हो गया। रविवार देर रात उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर मिलते ही पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर भीलवाड़ा जिले में दो स्कॉर्पियो कारों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई थी। इस दर्दनाक हादसे में चुनाव ड्यूटी पर तैनात कांस्टेबल खुशीराम सांडीवाल गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के तुरंत बाद उन्हें उपचार के लिए भीलवाड़ा जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां चिकित्सकों की देखरेख में उनका उपचार जारी था। तमाम प्रयासों के बावजूद रविवार देर रात उन्होंने जिंदगी की जंग हार दी।
संवारिया गांव के निवासी थे खुशीराम
कांस्टेबल खुशीराम सांडीवाल उपखंड क्षेत्र के संवारिया गांव के निवासी थे और निवाई थाने में तैनात थे। पंचायतीराज चुनाव के दौरान कर्तव्य निर्वहन करते हुए हुए इस हादसे में उनके निधन से पुलिस विभाग और क्षेत्र में शोक का माहौल है।
निवाई डीएसपी रवि प्रकाश शर्मा, थानाधिकारी घासीराम मीणा सहित थाना स्टाफ ने दिवंगत कांस्टेबल को श्रद्धांजलि अर्पित की और शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कीं।
कर्तव्य निभाते हुए एक जांबाज पुलिसकर्मी का असमय दुनिया से चले जाना पुलिस विभाग के लिए अपूरणीय क्षति है। उनके निधन से सहकर्मियों और परिचितों में गहरा दुख व्याप्त है।
चुनाव ड्यूटी निभाते हुए जिंदगी की जंग हार गए कांस्टेबल खुशीराम सांडीवाल, उपचार के दौरान निधन से पुलिस महकमे में शोक की लहर
दो स्कॉर्पियो की आमने-सामने भिड़ंत में हुए थे गंभीर घायल, भीलवाड़ा जिला अस्पताल में चल रहा था उपचार
Leave a comment
Leave a comment


