रिपोर्टर तरनदीप सिंह टुटेजा
अरांई।ग्राम पंचायत अरांई की नवनिर्वाचित सरपंच संतोष लक्ष्मण गुर्जर ने सोमवार को वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठान के बीच सरपंच पद का कार्यभार ग्रहण किया। महंत रामप्रकाश रामस्नेही के सानिध्य में विधि-विधान के साथ पदभार ग्रहण समारोह आयोजित हुआ। इस दौरान पंचायत परिसर में उत्सवी माहौल रहा और ग्रामीणों ने नवनिर्वाचित सरपंच का स्वागत कर उन्हें शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम की शुरुआत वैदिक मंत्रोच्चार और पूजा-अर्चना के साथ हुई। धार्मिक अनुष्ठान के बीच नवनिर्वाचित सरपंच संतोष गुर्जर ने पदभार ग्रहण किया। इस अवसर पर ग्रामीणों ने तालियों और शुभकामनाओं के साथ उनका अभिनंदन किया। निवर्तमान सरपंच रामस्वरूप नायक ने परंपरानुसार पंचायत की चाबियां सौंपकर नई सरपंच को जिम्मेदारी हस्तांतरित की। वहीं ग्राम विकास अधिकारी सुरेश चौधरी ने औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण करवाया।
समारोह के दौरान नवनिर्वाचित वार्ड पंचों का भी अभिनंदन किया गया। ग्रामीणों ने सभी जनप्रतिनिधियों को बधाई देते हुए गांव के विकास और जनसमस्याओं के समाधान के लिए मिलकर काम करने की अपेक्षा जताई।
बिना भेदभाव सभी को साथ लेकर करना है ग्राम विकास
पदभार ग्रहण करने के बाद नवनिर्वाचित सरपंच संतोष लक्ष्मण गुर्जर ने अपना विजन साझा करते हुए कहा कि उनका मुख्य उद्देश्य सभी को साथ लेकर ग्राम पंचायत का सर्वांगीण विकास करना है। विकास कार्यों में किसी भी प्रकार का भेदभाव नहीं किया जाएगा तथा प्रत्येक गांव और वर्ग की जरूरतों को समान महत्व दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि विकास योजनाएं वर्तमान जरूरतों के साथ भविष्य की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार की जाएंगी। सड़क, नाली, पेयजल, शिक्षा और चिकित्सा सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ महिला सशक्तीकरण पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। सरकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाना भी उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
सरपंच ने कहा कि ग्रामवासियों के सहयोग और सहभागिता से पंचायत को विकास की नई दिशा दी जाएगी। उन्होंने सभी ग्रामीणों से पंचायत के विकास कार्यों में सहयोग करने की अपील की।
इस दौरान कैलाश पोषवाल, राधाकिशन गुर्जर, रामदेव गुर्जर, भंवर सिंह राजावत, किशनलाल माली, रामस्वरूप गुलानिया, सत्यनारायण गुर्जर, संजीव पाराशर सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
अरांई की नवनिर्वाचित सरपंच संतोष गुर्जर ने संभाला पदभार, बिना भेदभाव ग्राम विकास रहेगा प्राथमिकता
महंत रामप्रकाश रामस्नेही के सानिध्य में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हुआ पदभार ग्रहण समारोह, निवर्तमान सरपंच ने सौंपी पंचायत की जिम्मेदारी
Leave a comment
Leave a comment


