रिपोर्ट धर्मेंद्र कुमार सोनी बांसवाड़ा
बांसवाड़ा, 02 नवंबर । पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के अंतर्गत तृतीय चरण के मतदान के लिए सोमवार को मतदान दल गुरु गोविंद राजकीय महाविद्यालय, बांसवाड़ा से चुनाव सामग्री प्राप्त कर अपने निर्धारित मतदान केंद्रों के लिए रवाना हुए। मतदान दलों की रवानगी से पूर्व कार्मिकों को अंतिम प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिसमें मतदान प्रक्रिया, निर्वाचन संबंधी आवश्यक दिशा-निर्देशों तथा मतदान दिवस पर बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में जानकारी दी गई। मतदान दलों को मतदान केंद्र पर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने, वोटिंग कंपार्टमेंट तैयार करने, निर्धारित प्रपत्र एवं पत्रावलियां तैयार करने, ईवीएम मशीन की कार्यप्रणाली, मॉक पोल कराने तथा मतदान प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
तृतीय चरण के अंतर्गत आनंदपुरी, बागीदौरा, गांगड़तलाई एवं नाहरपुरा पंचायत समिति क्षेत्रों में मतदान होगा। इन चारों पंचायत समिति क्षेत्रों की कुल 133 ग्राम पंचायतों में पंच एवं सरपंच पदों के लिए तथा 66 पंचायत समिति सदस्यों के निर्वाचन के लिए मतदान होगा। निर्वाचन के लिए आनंदपुरी में 68, बागीदौरा में 98, गांगड़तलाई में 89 तथा नाहरपुरा में 59 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। तृतीय चरण के मतदान के सफल संचालन के लिए कुल 314 मतदान दलों का गठन किया गया है तथा 133 रिटर्निंग अधिकारियों की नियुक्ति की गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रजीत यादव ने विभिन्न काउंटरों पर पहुंचकर मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री वितरण सहित अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए मतदान दलों को समय पर निर्वाचन सामग्री उपलब्ध कराने तथा रवानगी प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने के निर्देश दिए।
मतदान दलों को निर्वाचन सामग्री उपलब्ध कराने के साथ ही निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदान केंद्रों पर पहुंचने तथा मतदान से संबंधित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मतदान दलों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों की पूर्ण पालना सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया । उन्हें निर्धारित दिशा-निर्देशों की पालना करते हुए स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इस अवसर पर उप जिला निर्वाचन अधिकारी पर्वत सिंह चुंडावत, मुख्य कार्यकारी अधिकारी कैलाश बरोलिया, संबंधित आरओ, एआरओ सहित अधिकारी उपस्थित रहे।
आवाज राजस्थान


